महासमुन्द
अंचल में वायरल इन्फेक्शन कहर बरपा रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 दिसंबर। जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में बीते 2 दिनों से अचानक मौसम में बदलाव से सरकारी एवं निजी अस्पतालों में ओपीडी बढ़ गई है।
मौसम के उतार में जहां नमी युक्त हवा लोगों को ठिठुरा रही है वहीं सुबह कोहरा तथा रात में ठंड लोगों को परेशान कर रही है। फलस्वरूप मौसम ने लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाला है। इससे सबसे ज्यादा बच्चे व वृद्ध प्रभावित हुए हैं।
यही कारण है कि अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार, टॉन्सिल, सिर दर्द, उल्टी जैसी बीमारियों की समस्या लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। निजी अस्पतालों में शासकीय अस्पतालों में मरीजों की भीड़ देखने को मिल रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम बदलने से लोग वायरल से पीडि़त हो रहे हैं। यह एक व्यक्ति से दूसरे में बहुत जल्दी फैलता है। इसके कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। तीन से चार दिनों तक सर्दी, खांसी, बुखार होने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टरों को जरूर दिखाएं।
जिले के सरकारी एवं निजी अस्पतालों में ओपीडी बढ़ गई है। अंचल में वायरल इन्फेक्शन कहर बरपा रहा है। फलस्वरूप लोग बुखार,सर्दी, खांसी, शरीर में दर्द से पीडि़त हो रहे हैं। इन दिनों मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल सहित जिले के सभी प्राथमिक तथा सामुदायिक चिकित्सालयों में मरीजों की संख्या में एकाएक इजाफा हुआ है।
खरोरा स्थित मेडिकल कॉलेज की रोजाना की ओपीडी 250 से 300 के बीच दर्ज होती है। लेकिन अचानक मौसम बिगडऩे की वजह से ओपीडी 450 से अधिक हो गई है। इनमें अधिकांश लोग सर्दी, बुखार सिर दर्द तथा टॉन्सिल के मरीज हैं। जिन्हें चिकित्सकों द्वारा आवश्यक चिकित्सकीय सुझाव दिया जा रहा है। शहर में लगभग हर घरों में कोई न कोई वायरल इन्फेक्शन से जूझ रहा है।
मेडिकल कॉलेज से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल सर्दी, खांसी, बुखार, उल्टी-दस्त के मरीज बढ़े हैं। शुरुआत में किसी-किसी मरीज को तेज बुखार आ रहा रहा है। ऐसे मरीजों को ठीक होने में अधिकतम पांच दिन लग रहा है। इंफेक्शन वाले बच्चे बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिन्हें पहले से निमोनिया है, उन्हें फिर से इसका अटैक हो रहा है। फेफड़े में इंफेक्शन वाले बच्चे भी सामने आ रहे हैं। ऐसे बच्चों के सीने में तकलीफ की शिकायत मिल रही है। इन बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।