महासमुन्द
कहा-दु:ख की बात यह है कि किसी भी स्कूल में खेती किसानी से संबंधित कोई भी मॉडल बच्चे नहीं बनाते
कहा-हमारे धान की प्रजातियों का पेटेंट दूसरे देश के लोग कर रहे हैं
कई एकड़ की जमीन का मालिक युवा भी कॅरियर संवारने दफ्तरों की खाक छान रहा है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 दिसंबर। इन दिनों जिले के तमाम स्कूल कॉलेजों में विज्ञान मेले का आयोजन जारी है। शालेय स्तर के अलावा अंतर शालेय स्तर पर भी प्रतियोगिताएं हो रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के बारे में वेडनर स्कूल के रिटायर्ड शिक्षक और शिशु संस्कार स्कूल के प्राचार्य अवनीश वाणी का कहना है कि बच्चों के द्वारा विज्ञान विषय पर अभूतपूर्व मॉडल पेश किये जाते हैं। इससे उनके वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा भी मिलता है, लेकिन दु:ख की बात यह है कि किसी भी स्कूल में खेती किसानी से संबंधित कोई भी मॉडल बच्चे नहीं बनाते हैं। और तो और स्कूलों और कॉलेजों में कृषि संबंधित कोई विषय नहीं है। हालांकि कृषि विज्ञान कॉलेज अलग से है लेकिन यह बेहद अच्छी बात होती कि स्कूलों और कालेजों में एक विषय कृषि का होता। साल में कई बार अलग-अलग प्रदर्शनी लगाकर सरकार के विभागों और उनके कार्यों का प्रदर्शन होता है जिसमें युवाओं के लिए कुछ भी नहीं होता।
अवनीश वाणी कहते हैं कि 12वीं तक पढऩे के बाद खेत में काम करना तो दूर कोई भी युवा खेत नहीं जाना चाहता। राज्योत्सव में सरकार की नीतियों को प्रदर्शित किया जाता है। किसी असफ ल, अपूर्ण अथवा अपार्याप्त योजनाओं की तरह साल-दर-साल विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाती है। कृषि विभाग की ओर से भी बरसों से एक ही तरह की सामग्री पेश होती है, जबकि छत्तीसगढ़ के युवाओं को किसानी से जोडऩे की दिशा में काम होना चाहिए। पढ़ा लिखा बेरोजगार युुवा घर की खेती में मन नहीं लगा पाता और रोजगार के लिए मारा-मारा फिरता है। कई एकड़ की जमीन का मालिक युवा भी अपनी करियर को संवारने के लिए दफ्तरों की खाक छान रहा है। ऐसे में जरूरत है कि उन्हें खेतों की ओर दिशा दी जाए।
अवनीश वाणी का कहना है कि हमारे धान की प्रजातियों का पेटेंट दूसरे देश के लोग कर रहे हैं। गुरमटिया, सफरी, 17 सफरी, बीडी सफरी, कालीमाई, बासमती अब दूूसरे देश के लोगों की थाली में सजती हैं। मुनगा, फुटू जैसे उपज पर दूसरे देशों की नजर है लेकिन छत्तीसगढ़ पता नहीं क्यों इनकी कापीराईट के लिए भी पहल नहीं करता। छत्तीसगढ़ की जमीन पर ढेर सारे उपज हैं जिनमें काम युवाओं को काफी अच्छा काम मिल सकता है।
अवनीश वाणी का कहना है कि तीस साल पहले तक गांवों में स्कूली बच्चों को खेती के गुर बताये जाते थे। तब बच्चे जानते थे कि चार किलो का एक काठा, बीस काठा का एक खंडी, 20 खंडी का मतलब एक गाड़ा होता है। आज भी गांव में उपज मापने का माध्यम यही है लेकिन युवा इसके अनजान हैं। अब युवा पढ़लिख कर खेती काम पसंद नहीं करते। जबकि शिक्षित सोच के साथ वह उम्दा तरीके से खेती कर सकता है। अब तो सरकार की किसी भी योजना में युवाओं के कैरियर को लेकर बातें नहीं होती। कौशल प्रशिक्षण में भी खेती कोई विषय नहीं है। अब खेती मशीनों पर आश्रित हो गई है। पैदावार बढ़ाने के लिए खतरनाक रासायनिक खादों का उपयोग हो रहा है। इससे निकली फसल को खाने से कैंसर जैसी बड़ी बीमारी हो रही है। ऐसे में जरूरत है कि खेती का तरीका बदलने स्कूलों में बच्चों को शिक्षित किया जाए। राज्य उत्सव जैसे समय पर युवाओं की प्रतिभा और अभिव्यक्ति का अवसर दिया जाए।