महासमुन्द
महासमुंद, 30 नवम्बर। महासमुंद जिला स्थित बसना ब्लॉक के ग्राम बड़े साजापाली निवासी नंदिनी साहू ने तीसरे प्रयास में सीजीपीएससी परीक्षा में बड़ी सफलता हासिल की। अपने तीसरे ही प्रयास में नंदिनी साहू ने 5वां स्थान हासिल किया है।
जानकारी अनुसार अपने पहले प्रयास में उसने 179वीं रैंक हासिल की थी। नंदिनी साहू जब 12वीं में थीं, तभी पिता मेघनाथ साहू का निधन हो गया। नंदनी वर्ष 2019 अपनी माता रामप्यारी साहू के साथ सिविल सर्विसेस परीक्षा की तैयारी करने के लिए बिलासपुर आ गई। बचपन से ही सपना था कि सिविल सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़े। उन्होंने सिविल सर्विस को ही प्राथमिकता में रखकर किराए के मकान में रहकर इस मुकाम को हासिल किया है। नंदनी ने बताया कि गांव के ही सरकारी स्कूल में 12 वीं कक्षा तक की पढ़ाई की। फिर रायपुर में कॉलेज की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने के लिए बिलासपुर में मां रामप्यारी के साथ आकर रहने लगी। पिता का सपना था कि एक बेटी को कलेक्टर जैसे अफसर बनाएं। उसी को पूरा करने के लिए मम्मी का भरपूर सहयोग मिला। उसने कहा कि पिता के आशीर्वाद और मां के साथ के कारण ही मुझे तीसरे प्रयास पर सफलता मिली है। नंदनी की बड़ी बहन स्व.योगमाया साहू भी उन्हें सफल होने प्रेरित करती रही थीं।