महासमुन्द
महासमुंद, 23 नवम्बर। ठेका पद्धति समाप्त करने, सीधे वेतन भुगतान सहित 4 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलेभर के नगरीय निकायों के प्लेसमेंट कर्मचारी 19 नवंबर से अनिश्चत कालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल से बिजली, पानी तथा सफाई व्यवस्था बूरी तरह चरमरा गई है। अब कर्मियों ने मूलभूत सुविधाओं को भी बंद कर दिया है। फलस्वरूप कल महासमुंद शहर में पेयजल जैसे सुविधाओं को लेकर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पटवारी कार्यालय के सामने प्लेसमेंट कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को जमकर नारेबाजी की। छग नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष हीरा चौहान ने बताया कि अन्य विभागों की तर्ज पर निकायों से वेतन भुगतान सीधे उनके खातों में किया जाए। महासंघ द्वारा विगत वर्षों से नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को शासन के अन्य विभाग जल संसाधन, पीडब्ल्यूडी, पीएचई व वन विभाग आदि की तर्ज पर निकायों से सीधे वेतन का भुगतान किए जाने हेतु समय-समय पर धरना-प्रदर्शन कर मांगों से शासन को अवगत कराते आ रहे हैं। लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं की गई है।
जिससे छग के 184 निकायों में कार्यरत 20 हजार प्लेसमेंट कर्मचारी व उनके परिजनों में आक्रोश है। निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को निकायों से सीधे वेतन भुगतान ;4 हजार श्रम सम्मान राशि सहित किये जाने पर शासन को किसी भी प्रकार अतिरिक्त व्यय वहन नहीं करना पड़ेगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिले के 5 स्तरीय निकायों में कुल 350 प्लेसमेंट कर्मचारी हैं। जिले में कुल 350 प्लेसमेंट कर्मचारी हैं। महासमुंद में 40, सरायपाली में 56, बागबाहरा में 53, बसना में 17 तथा पिथौरा में 14 कर्मचारी हैं। कर्मियों का कहना है कि विगत 15-20 वर्षों से तृतीय व चतुर्थ वर्ग कर्मियों के समकक्ष परेशानियां हैं। शासन हमारी मांगों को गोभीरता से नहीं लेती। लिहाजा हम अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं। इस अवधि में क्षेत्र के समस्त गरीय निकायों में मूलभूत सुविधा जैसे सफाई कार्य, जल कार्य, विद्युत कार्य, कार्यालयीन कार्य, लोक सेवा कार्य सब बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि मांगें यदि पूरी नहीं होती तो आंदोलन और भी उग्र होगा।