महासमुन्द

पहाड़ों की ऊंची चोटियों पर परचम लहरा रही महासमुंद बलौदा की बेटी पुष्पा
22-Nov-2024 3:39 PM
पहाड़ों की ऊंची चोटियों पर परचम लहरा रही महासमुंद बलौदा की बेटी पुष्पा

मनाली की वादियों में लगे साहसिक शिविर में कर रही राज्य का प्रतिनिधित्व
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 नवम्बर।
भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय भोपाल, एमपी, छग के निर्देशानुसार अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान मनाली, हिमाचल प्रदेश में आयोजित दस दिवसीय राष्ट्रीय साहसिक शिविर में डॉ.भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय बलौदा, पं.रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर की ओर से रासेयो स्वयंसेवक पुष्पा डड़सेना छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रही हंै।

मनाली हिमाचल प्रदेश में 15 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस साहसिक शिविर में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवक पुष्पा ने भी भाग लिया है। पुष्पा ऊंचे पहाड़ों की चोटियों पर चढऩे के अलावा दुर्गम पहाड़ों की चढ़ाई, उफनते नदी नालों में तैरने की कला के साथ-साथ पिरामिड प्रदर्शन एवं नाव चलाने जैसी सभी गतिविधियों में भाग लेकर छत्तीसगढ़ टीम का नाम रौशन कर रही हैं। 

रासेयो कार्यक्रम अधिकारी कमला दीवान ने बताया कि पुष्पा छत्तीसगढ़ की टीम से अपनी भागीदारी निभा रही है। इस टीम में प्रदेश से 20 अन्य विद्यार्थियों ने भी भाग लिया है। उन्होंने ने बताया कि पुष्पा बलौदा महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की नियमित व राष्ट्रीय सेवा योजना की सक्रिय स्वयं सेवक है। इस साहसिक शिविर में उसने अपनी दिलेरी से सभी को अचंभित किया है। शुरू से ही साहसिक कार्यों के प्रति रूचि रखने वाली पुष्पा को जब मनाली के शिविर के संबंध में जानकारी मिली तो उसने उसमें भाग लेने की इच्छा जाहिर की। जिसके बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अन्य पदाधिकारियों की सहमति के बाद उन्हें चयनित किया गया। सरायपाली अंचल में भी पुष्पा के इन साहसिक कार्यों की सभी प्रशंसा कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट