महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 नवम्बर। जिले के सरायपाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर चिंवराकुटा चौक के पास आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। लोगों का कहना है कि चौक का निर्माण सही तरीके से नहीं किये जाने के कारण इस तरह के हादसे हो रहे हैं। कल एक बार फिर आलू से भरा हुआ एक पिकअप वाहन चौक के पास पलट गया। इन दुर्घटनाओं से चिंवराकुटा के ग्रामीणों में भी काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि नेशनल हाईवे बनाने वाली कंपनी के द्वारा ग्राम चिंवराकुटा में साधारण सा चौक बना दिया गया है। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस मार्ग से कई गांवों के लोगों, स्कूली बच्चों के साथ-साथ हाईवे पर वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। यहां संभावित खतरे को देखते हुए कई बार शिकायत करने के बाद भी चौक को सही तरीके से नहीं बनाया गया है। यही कारण है कि एनएच पर एक आलू से भरा हुआ पिकअप वाहन रायपुर से संबलपुर जा रहा था कि चिंवराकुटा के पास पलट गया। हालांकि इससे किसी को भी चोट नहीं आई है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी यहां दुर्घटना होने के बाद एक व्यक्ति का दोनों पैर काटना पड़ा था। यदि इस चौक को सही तरीके से बना दिया जाये तो लोगों को असुविधा नहीं होगी। अब इसके लिए ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने का मन बना लिया है एवं आगामी दिनों में मुख्यमंत्री जनदर्शन में भी उनके द्वारा आवेदन देने की बात कही जा रही है।