महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 22 नवंबर। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री दुलीकेशन साहू ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि किसानों के हितों के खिलाफ कांग्रेस की दोहरी नीति एक बार फिर उजागर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता धान की बुआई जैसे संवेदनशील मुद्दे पर झूठा प्रचार कर किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
श्री साहू ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील है और उनके हित में लगातार निर्णय ले रही है। उन्होंने जोर देकर कहा, भाजपा सरकार ने किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और खाद-बीज की सुचारू आपूर्ति जैसे अनेक कदम उठाए हैं। वहीं, कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किसानों का शोषण किया और केवल वोट बैंक की राजनीति पर ध्यान दिया।
श्री साहू ने कांग्रेस नेताओं पर प्रदेश सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे जानबूझकर किसानों के बीच अविश्वास फैलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस अपने कुशासन को छिपाने और किसानों से किए गए वादों को पूरा न कर पाने के कारण बौखला गई है। इसी कारण वह भाजपा सरकार की छवि खराब करने की साजिश रच रही है। भाजपा सरकार ने हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़े रहकर उनकी समस्याओं का समाधान किया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि धान की बुआई पर कोई भी रोक नहीं है और सरकार ने किसानों को पूरी छूट दी है। प्रदेश के किसान भाजपा सरकार के साथ हैं और हम उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे।
भाजपा नेता ने कांग्रेस से अपील की कि वह किसानों को गुमराह करने की बजाय उनके हितों के लिए रचनात्मक राजनीति करें।