महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 नवम्बर। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने छत्तीसगढ़ सरकार की धान खरीदी नीति को आड़े हाथों लेते कहा कि सरकार की बेसुधी और गलत नीति की पोल महासमुंद जिले में पहले दिन की खरीदी से ही खुल गई। देर से खरीदी प्रारंभ करने के बाद भी जिले के 20 खरीदी केंद्रों में बोहनी तक नहीं करा पाई। वहीं जितने किसानों का टोकन काटा गया था। उनसे खरीदी तक नहीं कर पाई। 14 नवंबर से 31 जनवरी तक में मात्र 47 दिन ही खरीदी होगी। ऐसे में जिले को मिले लक्ष्य को सरकार पा ही नहीं सकती।
उन्होंने जारी विज्ञप्ति में आगे कहा कि 1 नवंबर से धान खरीदी ना कर छग सरकार ने अन्नदाता किसानों से साजिश कर राज्योत्सव व दीपावली की दोहरी खुशी से वंचित करने 14 तारीख से धान खरीदी प्रारंभ किया गया है। छग में भाजपा ने चुनाव में किसानों को 21 क्विंटल धान 3100 की दर से खरीदने के साथ एकमुश्त राशि देने की बात मोदी की गारंटी बताते ग्राम पंचायत स्तर पर नगद काउंटर खोलने की बात कही थी। भाजपा ने सत्ता पाने के बाद अपने इस वादे से भी मुकर कर अपना किसान विरोधी चेहरा उजागर किया है। खरीदी केंद्रों में वृद्ध किसानों के लिए एक अलग से काउंटर खोलने की भी आवश्यकता है, ताकि उनको असुविधा न हो। छग में सरकार अपराध नियंत्रण में बेबस साबित हो रही है और छग अपराधगढ़ बन गया है, क्योंकि धान खरीदी प्रारंभ होते ही कोचिये सक्रिय होकर के काम चालू कर दिए हैं।
श्री चंद्राकर ने कहा कि किसानों को एकमुश्त राशि देने में असफल भाजपा सरकार किसानों को धान बेचने के बाद धान का समर्थन मूल्य 2320 पतला और 2300 मोटा की दर से 21 क्विंटल धान का ही भुगतान कर रही है। ऐसी स्थिति में एकमुश्त 3100 एवं केंद्र सरकार द्वारा समर्थन मूल्य में की गई 117 रुपए की बढोतरी को मिलाकर किसानों को 3217 रुपए प्रति क्विंटल की दर से एकमुश्त नगद भुगतान की जानी चाहिए।
जिसे करने की मंशा छग की सरकार नहीं है, जो सीधे तौर पर किसानों के साथ अन्याय एवं किसानों को मिलने वाली राशि का गबन है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन में राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत अंतर की राशि प्रदान कर किसानों से किया वादा पूरा किया गया था। जो केंद्र के सहयोग के बिना भी पूरे 5 साल निर्बाध रूप से चला।
वर्तमान में केंद्र व राज्य दोनों जगह भाजपा के कथित डबल इंजन का सरकार है। इन्होंने सरकार बनाने के पूर्व घोषणा पत्र में एकमुश्त 3100 रुपए धान का भुगतान करने की बात कही थी। लेकिन, अभी जो किसान धान बेच रहे हैं, उन्हें केवल केंद्र के हिस्से का समर्थन मूल्य 2300 रुपए मोटा धान और 2320 रुपए पतला धान का भुगतान मिल रहा है, जो भाजपा के वादानुसार 117 रुपए बढ़े हुए दाम जोडक़र 3217 रुपए एकमुश्त किसानों को भुगतान किया जाना चाहिए।
श्री चंद्राकर ने कहा कि ठीक धान खरीदी से पहले 25 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लेने वाले भाजपा की साय सरकार ने मोदी की गारंटी को झूठा साबित कर दिया है। सरकार जब किसानों को 3217 रुपए एकमुश्त भुगतान ही नहीं कर पा रही है, ऐसे में उन्हें प्रदेश वासियों को बताना चाहिए कि हजारों करोड़ रुपए का कर्ज किस प्रयोजन से लिया गया।