महासमुन्द

एक पंचायत में 2 सचिव!
21-Nov-2024 6:29 PM
एक पंचायत में 2 सचिव!

पिथौरा, 21 नवंबर। बसना विकासखण्ड की ग्राम पंचायत गिधली में 2 समानांतर सचिव पदस्थ होने की जानकारी मिली है। इनमें एक सचिव सतीश साहू का गिधली पंचायत से तबादला 3 नवम्बर को जिला पंचायत महासमुन्द के आदेश से किया गया है। वहीं दूसरे सचिव जयंत बारीक को अतिरिक्त प्रभार गिधली का दिया गया है। जिला पंचायत के आदेश के परिपालन में जनपद पंचायत बसना ने भी 4 नवंबर को आदेश जारी किया था। इसके बाबजूद सतीश साहू ने जयंत बारीक को प्रभार नहीं सौंपा है। जिस कारण से जयंत बारीक ने बिना अभिलेख पाये एक तरफा प्रभार ले लिया। इसकी जानकारी सीईओ जपं बसना को भी है। 

आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने विगत दिनों गिधली पंचायत से सूचना के अधिकार के तहत एक जानकारी की मांग की गई थी। जिस पर वहां दोनों ही सचिवों ने अलग अलग दस्तावेज शुल्क के लिए पत्र लिखा। इस मामले को खंगालने पर पता चला है कि एक सचिव का तबादला का आदेश जारी हो चुका है, लेकिन वो वहां से जाना नहीं चाहते।

जबकि दूसरे सचिव ने भी उच्चाधिकारी के आदेश से उसी ग्राम पंचायत में एक तरफा कार्यभार ग्रहण किया है।

ग्रामीण सूत्रों के अनुसार सतीश साहू इस आस में ग्राम पंचायत गिधली से तबादला होने के बाद भी नहीं छोड़ रहे हैं, कि जिला पंचायत महासमुन्द के अधिकारी उक्त आदेश संशोधित करके निरस्त कर देंगे।


अन्य पोस्ट