महासमुन्द

किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं, एसडीएम के चेम्बर में पूर्व विधायक ने किसानों संग दिया धरना
21-Nov-2024 2:19 PM
किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं,  एसडीएम के चेम्बर में पूर्व विधायक ने किसानों संग दिया धरना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21नवम्बर। पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय परिसर में किसानों की समस्याएं सुनने के बाद निराकरण के लिए एसडीएम से चर्चा की। चर्चा के दौरान ही एसडीएम के चेम्बर में उन्होंने किसानों के साथ फर्श पर बैठकर धरना दिया। डॉ. चोपड़ा ने अधिकारी पर समस्याओं के निराकरण के लिए टाल-मटोल करने तथा वर्षों पुराने मामलों का निराकरण नहीं करने का आरोप लगाया है।

मालूम हो कि पूर्व विधायक तथा भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डा. चोपड़ा प्रत्येक बुधवार को एसडीएम कार्यालय परिसर में पहुंचने वाले किसानों की समस्या सुनकर निराकरण के लिए एसडीएम से चर्चा करते हैं। इस कड़ी में कल बुधवार को समस्या सुनने के बाद वे किसानों के साथ एसडीएम के चेम्बर में गए। वहां निराकरण को लेकर चर्चा की। डा. चोपड़ा ने विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि हर बार की तरह आज भी एसडीएम ने निराकरण को लेकर हीलाहवाला किया और निराकरण के लिए कोई नियत तिथि भी नहीं बताई। इससे नाराज किसानों के साथ डॉ. चोपड़ा भी चेम्बर में ही फर्श पर बैठकर धरना देने लगे। इस दौरान नारेबाजी भी की गई।

विज्ञप्ति में डॉ.चोपड़ा ने बताया कि उनके और अधिकारियों की समझाइश पर 10 मिनट बाद पीडि़त किसानों ने धरना खत्म किया।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री, मंत्रालय और कलेक्टर से सीधा निर्देश होने के बावजूद राजस्व विभाग के प्रकरणों का निराकरण नहीं हो पा रहा है। जबकि कलेक्टर द्वारा एक माह पहले से ही निर्देश दिया गया है कि जितने भी पुराने राजस्व विभाग संबंधी प्रकरण लंबित हैं उन्हें नियत समय सीमा में सुलझाई जाए। इसके बाद भी राजस्व अधिकारियों की मनमानी के चलते प्रकरणों का निराकरण नहीं किया जा रहा है और किसानों को प्रताडि़त कर आर्थिक और मानसिक क्षति पहुंचायी जा रही है।

विज्ञप्ति में डॉ.चोपड़ा ने बताया कि धरना समाप्त करने के पश्चात अधिकारियों ने किसानों की लंबित मामलों के निराकरण हेतु एक सप्ताह का समय मांगा। जिस पर किसानों ने समय देते हुए कहा कि लंबित मामलों का निराकरण न हुआ तो वह पैदल यात्रा कर मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री से मिलकर अधिकारियों की शिकायत कर प्रकरणों की निराकरण की मांग करेंगे।


अन्य पोस्ट