महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 नवम्बर। महासमुंद शहर के शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अटल टिंकरिंग लैब में मंगलवार को जनजाति गौरव माह के अंतर्गत जनजाति समाज के गौरवशाली अतीत विषय पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनजातीय समाज का सामाजिक योगदान विषय में निबंध व रंगोली प्रतियोगिता का छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायक था। इस दौरान विशिष्ट अतिथि एचके अचार्य ने अपने उद्बोधन में जनजातियों के त्याग व बलिदान के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि जनजाति समुदाय के लोगों ने हमारे राष्ट्र की स्वतंत्रता में प्रमुख भागीदारी निभाई है। इन्हीं के कारण आज हम स्वतंत्र है। ऐसे महापुरुषों को हमें सदैव स्मरण करना चाहिए। प्राचार्य जीआर सिन्हा ने जनजातियों की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। इस दौरान रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर झरना दीवान स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल महासमुंद, द्वितीय स्थान पर निधि भोंसले शासकीय आशी बाई गोलछा महासमुंद व तृतीय स्थान पर पूर्वी चंद्राकर आशी बाई गोलछा बागबाहरा रही।
निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर हेमा साहू स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय महासमुंद, द्वितीय स्थान पर पूनम चंद्राकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा, तृतीय स्थान पर जागृति कुर्रे शासकीय आशी बाई गोलछा महासमुंद रही। इस मौके पर मुख्य अतिथि एमएल देवांगन, एचके आचार्य, प्राचार्य जीआर सिन्हा, मधुमती चंद्राकर, चंद्रशेखर मिथलेश, पूजा साहू, संध्या रानी साहू सहित अन्य लोग मौजूद थे।