महासमुन्द

बेकाबू कार पेड़ से जा टकराई, युवक की मौत, 3 घायल, जन्मदिन मना कर घर लौट रहा था
21-Nov-2024 2:01 PM
बेकाबू कार पेड़ से जा टकराई, युवक की मौत,  3 घायल, जन्मदिन मना कर घर लौट रहा था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 नवम्बर। बसना के ग्राम भंवरपुर से जन्मदिन मनाकर वापस राजपुर जा रही कार अनियंत्रित होकर सडक़ से उतरी और पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए।  घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बताया कि नितेश पटेल पिता डिग्री लाल पटेल (20) ग्राम राजपुर का कल जन्मदिन था। गांव में ही पार्टी आयोजित कर जन्मदिन मनाया गया। इसके बाद अपने दोस्तों के साथ वह भंवरपुर अन्य दोस्तों को जन्मदिन की पार्टी देने के लिए आया हुआ था। जन्मदिन पार्टी मनाने के बाद वह देवतराई निवासी अपने रिश्तेदार के कार को ड्राइविंग करते हुए रात में ही अपने घर राजपुर लौट रहा था। रात लगभग 2 बजे क्रशर मिल रुपापाली के पास उसकी कार अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे उतरते हुए पेड़ से टकरा गई। जिससे चालक नितेश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं सरकंडा निवासी पूनम चौहान पति ताराचंद के सिर पर चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। उनके दो अन्य साथी को भी चोट लगने से घायल हो गए।

घटना की जानकारी संजीवनी 108 एंबुलेंस को दी गई। पश्चात बसना से एंबुलेंस की टीम घटना स्थल रुपापाली पहुंची। गंभीर रूप से घायल नितेश पटेल एवं पूनम चौहान को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया। जबकि दो अन्य घायल धीरज पटेल पिता दयानिधि पटेल ग्राम देवतराई एवं राहुल पटेल पिता रमेश पटेल राजपुर को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया।

नितेश पटेल को परीक्षण उपरांत डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घायल पूनम चौहान का स्वास्थ्य केंद्र बसना में इलाज किया जा रहा है। दो अन्य घायल धीरज पटेल एवं राहुल पटेल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे गई है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग पंचनामा कार्रवाई कर नितेश पटेल के शव को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विवेचना में जुटी है।

बाइक पेड़ से जा टकराई, दो नाबालिगों की मौत

दूसरे मामले में बागबाहरा-खल्लारी-करमापटपर के पास कल एक तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने के कारण उसमें सवार दोनों नाबालिगों की मौत हो गयी। दोनों नाबालिग ग्राम भुरकोनी के निवासी थे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना कल दोपहर लगभग 2.30 बजे की है। ललित एवं सोनू तांडी बागबाहरा से अपने ग्राम भुरकोनी बाइक  से जा रहे थे। बाइक ललित चला रहा कि घटना स्थल पर अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई।

इस हादसे में बुरी तरह जख्मी दोनों को एम्बुलेंस से बागबाहरा अस्पताल लाये जाने के दौरान मौत हो गयी। पुलिस ने पीएम पश्चात दोनों के परिजनों को उनका शव अंतिम संस्कार के लिये सौंप दिया है।


अन्य पोस्ट