महासमुन्द
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 20 नवम्बर। राज्य और केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर महासमुंद ब्लॉक निवासी प्रेमनारायण साहू ने प्रेम अमृततुल्य टी शॉप खोला। थोड़े ही दिनों बाद उसकी दुकान बढिय़ा चलने लगी और अब तो प्रेम अमृततुल्य चाय को पसंद करने वालों की भीड़ हमेशा लगी रहती है। इस तरह प्रधानमंत्री सृजन योजना का लाभ लेकर प्रेम ने अपने परिवार को आर्थिक रूप से सबल करने के उद्देश्य को पूरा कर लिया है। उसके हाथ की चाय पीने वाले सबको पता है कि प्रेम सरकारी योजना से मिली मदद से अमृततुल्य टी शॉप का सफलतापूर्वक संचालन कर रहा है।
प्रेमनारायण साहू ने बताया-मैंने स्नातक तक पढ़ाई की है। कॉलेज की पढ़ाई के दौरान राजधानी रायपुर में मैंने अमृत तुल्य चाय की फ्रैंचाइजी के बारे में पता किया था। इसके बाद मैंने फैसला किया कि अपने शहर महासमुंद में इसकी शुरुआत करूंगा। चाय व्यवसाय में रुचि होने के कारण मैंने आरोग्य अमृततुल्य के माध्यम से चाय बनाने की विधिवत ट्रेनिंग ली। दुकान खोलने के लिए लगने वाले फण्ड के अभाव में मैं यह काम आत्मविश्वास के साथ नहीं कर पा रहा था। इसके बाद मेरे मित्र ने मुझे छतीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की जानकारी दी। मैं खादी ग्रामोद्योग विभाग गया। इस योजना के बारे में जानकारी ली। ऋण आवेदन देकर आवश्यक दस्तावेजों को विभाग में जमा किया। मेरी रुचि को देखते हुए बैंक ने मुझे 3लाख, 50 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया।
प्रेमनारायण बताते हैं-ऋण मिलने के बाद मैंने बीटी आई रोड पर प्रेम अमृततुल्य टी शॉप शुरू किया। मैं जानता हूं कि आज भी मेहमानों आदि के स्वागत के लिए सबसे आम और उम्दा माध्यम है। मैं अपनी दुकान में पहुंचे लोगों का स्वागत, उनकी आवभगत चाय के बतौर मेहमान ही करता हूं। अब शहर के लोग मेरी दुकान को जान चुके हैं और सभी को मेरी चाय स्वादिष्ट लगती है। अब मैं हर महीने लगभग 30हजार रुपए कमा लेता हूं। जिससे मेरे परिवार की आवश्यकताएं पूरी हो जाती है। नियमित रूप से बैंक का ऋण भी अदा हो जाता है।
प्रेमनारायण ने आगे कहा-मैंने अपने भाई के साथ मिलकर एकदम शून्य से अपनी शुरुआत की थी। दो वर्ष पहले जब अमृततुल्य की शुरुआत हुई तब एक ही सहयोगी साथ में काम करता था। अब मैं कुल 3 लोगों को रोजगार मुहैया करा रहा हूं। मेरे पिताजी पहले इलेक्ट्रीशियन का काम करते थे। उन्होंने अब वह काम छोड़ दिया है और शॉप में बतौर सहयोगी काम करते हैं। पहले शॉप की शुरुआत सिर्फ चाय बेचने से हुई थी लेकिन अब गर्मियों के मौसम के लिए सोडा और खाने-पीने के लिए किसी रेस्तरां की तरह स्नैक्स वगैरह की सुविधा है। पहले तो महासमुंद में ऐसी कोई जगह नहीं थी, जहां युवा, महिलाएं आराम से बैठकर चाय का आनंद ले सकें। अमृत तुल्य चाय शॉप ने इस कमी को पूरा किया है।
उन्होंने बताया कि शुरुआती दिनों में आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा। कुछ लोग पढ़ा लिखा होकर चाय बेचने के फैसले का मजाक उड़ाते थे। लेकिन आलोचनाओं को नजरअंदाज करते हुए अपने काम में निरंतरता रखी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम को दिया और सरकार तथा खादी ग्रामोद्योग विभाग का आभार व्यक्त किया कि उन्हें अपने खुद व्यवसाय स्थापित करने का मौका मिला। अंत में कहा-मेरे जैसे कई युवा आत्मनिर्भर बनने और अपने परिवार का भविष्य उज्जवल बनाने का सपना देख सकते हैं।