महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 नवंबर। धान खरीदी शुरू होने के पहले ही कोचिए सक्रिय हो चुके हैं, जो आसानी से पड़ोसी राज्य ओडिसा से अवैध धान को खपाने ला रहे हैं। अवैध धान को खपाने से रोकने जिले के बॉर्डर क्षेत्र में 16 जगहों पर चेकपोस्ट तो बनाए गए हैं। बावजूद पड़ोसी राज्य ओडिसा समेत बलौदाबाजार, सारंगढ़, गरियाबंद से बैरियर को पार करके जिले में अवैध धान को खपाने पहुंच रहे हैं। इससे बैरियर की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। 5 दिनों के भीतर अब तक एसडीएम की टीम ने अलग-अलग जगहों से 4155 कट्टा यानी 51.52 लाख का अवैध धान जब्त की है।
गुरुवार की रात बसना ब्लॉक अंकोरी में विशाल गजेंद्र और जगदीश सिदार घर में 879 कट्टा धान जब्त किया था। टीम जब घर में तो अंकोरी निवासी विशाल गजेंद्र ने अधिकारियों से दुर्व्यहार किया। प्रकरण बनाते समय पटवारी आरआई को उसने बंधक बनाकर घर में कैद कर लिया था। एसडीएम मनोज खांडे, तहसीलदार घर के बाहर चले गए थे। काफी देर तक जब आरआई नहीं लौटे तो जाकर देखा तो बंधन बना लिया था। एसडीएम के पहुंचने पर देख लेने की धमकी दी थी। मामले में विशाल गजेन्द्र को जेल भेज दिया गया। भास्कर ने पड़ताल की तो ज्यादातर पकड़े गए अवैध धान ओडिशा से लाए गए थे। जिसे पहले दिन ही दिन खरीदी केन्द्रों में खपाने की तैयारी थी। हालांकि कामयाब नहीं हो पाए, उसके पहले ही टीम ने धान जब्त कर लिया।
खपाने के लिए ज्यादातर पकड़ा गया धान ओडिशा से लाया गया था
10 दिन पहले ही धान अधिकारी दावा कर रहे हैं कि अवैध धान को 10 दिन पहले से ही लाकर कोचिए और बिचौलिए आसपास के गांवों के घरों में छिपाकर रखे हुए थे। इनमें से एक भी प्रकरण में कोई भी व्यक्ति दस्तावेज जमा नहीं कर पाए हैं। जांच के दौरान टीम ने प्लास्टिक व बारदाना भी जब्त किया है, जिसमें धान भरे हुए थे। शुक्रवार को बागबाहरा एसडीएम ने बोइरगांव में टियन साहू के घर में छिपाकर रखे 300 कट्टा अवैध धान जब्त किया है। दस्तावेज नहीं दिखाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
शनिवार को ठाकुरपाली में अनंतु नायक और गढ़पुलझर में विजय पाड़े के घर में दबिश देकर टीम ने छिपाकर रखे 250 कट्टा धान जब्त किया। यहां 2 हजार कट्टा अवैध धान रखे जाने की शिकायत मिली थी। विजय पांडेय ने टीम को पूछताछ में बताया कि 5 दिन से लोगों से धान की खरीदी कर रहा था। जिसका कोई दस्तावेज नहीं मिला। 14 नवंबर को चंदखुरी में टीम ने घर में 550 कट्टा धान जब्त किया था। पिथौरा के मोहदा में टिकेश्वर के दुकान व घर में 1 हजार कट्टा धान जब्त किया गया था। एसडीएम ओमकारेश्वर सिंह ने बताया कि जांच करने पर फसल कटी नहीं थी। बागबाहरा एसडीएम ने बताया कि कोमाखान शराब दुकान के पास स्थित गोदाम में छिपाकर करीब 1 हजार कट्टा अवैध धान मिले। धान को गोदाम मालिक के अनुपस्थित रहने के कारण गोदाम सील किया गया। टीम के आने की सूचना मिलने पर गोदाम मालिक भाग निकला।
जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बताया कि जिन जगहों में टीम ने दबिश देकर अवैध धान जब्त किए हैं। खरीदी शुरू होने के पहले ही आसपास के गांव में अवैध धान को छिपाकर रखे हुए थे। अवैध धान पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
डीएमओ टिकेन्द्र राठौर का कहना है कि आपका कहना ठीक है अवैध धान पकड़ा रहे हैं। अवैध धान को खपाने से रोकने 16 बैरियर बनाए गए हैं। चेकपोस्ट में लापरवाही बरती जाती है तो जांच कराकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।