महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 16 नवंबर। सिखों के प्रथम गुरु गुरुनानक देव जी का 555वां प्रकाश पर्व प्रतिवर्ष की तरह धूमधाम से मनाया गया। सिख समाज के इस कार्यक्रम में सभी समाजजनों ने हिस्सा लिया।
प्रकाश पर्व के अवसर पर नगर में सिख समाज द्वारा नगर कीर्तन निकाला गया। इसका मुख्य आकर्षण स्थानीय गतका टीम के नन्हें बालक-बालिकाओं के शौर्य प्रदर्शन करते कारनामे थे। इसके अलावा रायपुर से आई गतका टीम ने भी नगर कीर्तन के आगे शानदार प्रदर्शन करते रहे, जिसे देखने नगरवासी पहुंचे थे। बीच में सिखों के पवित्र ग्रंथ श्री गुरुग्रंथ साहिब का स्वरूप एक विशेष वाहन में सजा था। इसके आगे पंज प्यारे वाहेगुरु नाम जपते चल रहे थे। साथ में खि समाज का ध्वज निशान साहिब लिए एक युवक चल रहा था। इस वाहन के पीछे महिलाओं एवं पुरुषों द्वारा पूरे रास्ते शबद कीर्तन किया जा रहा था।
सभी समाजजनों ने किया स्वागत
सिखों का यह कार्यक्रम हमेशा की तरह ऐतिहासिक रहा। पंज प्यारों का सभी समाजजनों ने जगह-जगह स्वागत किया। समाजिक जनों ने रास्ते भर चाय एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था की थी। इसके पूर्व दोपहर को गुरु सिंह सभा में लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक एकता की अभूतपूर्व मिसाल देखने मिली। लंगर में सभी धर्म के लोगों ने उत्साह से भाग लिया।