महासमुन्द
मंडलपुर जंगल में डेरा डाले हाथी दल को देखने गया था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 नवम्बर। हाथियों से बचने दौड़ते कुएं में गिरने से नाबालिग छात्र की मौत हो गई। बसना क्षेत्र के घरजरा के ग्रामीणों संग नाबालिग हाथी देखने गया था।
बसंत यादव के मामा हरी लाल यादव ने बताया कि वह घरजरा का निवासी है। उसका भांचा बसंत यादव पिता दुकालूराम यादव ग्राम बुंदेलाभांठा थाना बसना घरजरा के स्कूल में उसके घर में रहकर 11वीं कक्षा में पढ़ाई करता था। शुक्रवार शाम 7.30 बजे के आसपास गांव के तीन चार सौ ग्रामीण गांव से एक किलोमीटर दूर मंडलपुर स्थित जंगल में डेरा डाले 25 से अधिक हाथियों के दल को देखने के लिए गये थे।
मंडलपुर जंगल के पास खेत में लगे धान के फसल को हाथियों का दल खा रहा था कि 3-4 सौ ग्रामीणों को देखकर हाथियों का दल दौड़ाने लगा। इसी बीच जान बचाकर भाग रहे ग्रामीणों के साथ बसंत यादव रात के अंधेरे में गांव के गहकी लाल पिता कार्तिक राम के खेत में खोदे गए 4 फीट चौड़ाई एवं 15 फीट गहरा कुआं में गिर कर पानी में डूब गया। पानी पी लेने के कारण उसकी दम घुटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इसकी जानकारी उसके मामा हरीलाल यादव को दी गई। गंभीर रूप से घायल बसंत यादव को सरायपाली अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टर ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना सरायपाली थाने में दी गई। बसंत यादव के पिता दुकालू राम यादव, माता रथ बाई यादव, उसके बड़े भाई गोपाल यादव मेहनत मजदूरी करने के लिए जम्मू कश्मीर गये हैं। उनके आने तक शव को सुरक्षित रखने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना के फ्रीजर में रखने के लिए लाया गया है।
मृतक के माता-पिता व भाई कल तक आएंगे। पश्चात उनका दाह संस्कार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विवेचना करने में जुटी हुई है।