महासमुन्द

धान खरीदी के लिए निर्धारित 75 में से 20 दिन छुट्टियां
16-Nov-2024 2:01 PM
धान खरीदी के लिए निर्धारित 75 में से 20 दिन छुट्टियां

छेरछेरा में किसान समिति नहीं पहुंचे तो महज 52 दिन में लक्ष्य पूरे करने होंगे

महासमुंद,16नवम्बर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिये भले ही शासन ने 75 दिन का समय निर्धारित किया है लेकिन इस बार मात्र 55 दिन ही धान की खरीदी होगी। शेष दिन छुट्टियों में चले जायेंगे। इस पर भी यदि न्यू इयर तथा छेरछेरा में किसान उपार्जन केन्द्र नहीं पहुंचे तो महज 52 से 53 दिन ही खरीदी होगी। मिली जानकारी के अनुसार शासन ने इस बार 14 नवम्बर से 31 जनवरी के बीच समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कर रही है। लेकिन शनिवार, रविवार की छुट्टियों को पृथक किया जाये तो मात्र 55 दिन ही शेष रह जायेंगे। जबकि 20 दिन केवल छुट्टियां ही पड़ रही है।  गौरतलब है कि 14 नवम्बर को जिले भर में धान खरीदी की शुरूआत हुई तथा 15 को गुरूनानक तथा रविवार को उपार्जन केन्द्र शासकीय अवकाश की वजह से बंद रहेंगे। ऐसे में खरीदी नहीं हो पायेगी। जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव के अनुसार जिले में इस बार कुल 1 लाख 62 हजार 33 किसानों का धान विक्रय के लिये पंजीयन हुआ है। इन किसानों का धान 130 समिति के माध्यम से 182 उपार्जन केन्द्रों में खरीदी किया जा रहा है। इस खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में जिले में 227994 हेक्टेयर रकबा के अंतर्गत 12लाख, 45 हजार,963 में टन अनुमानित धान उपार्जन का लक्ष्य रखा गया है।

जानकारी अनुसार पिछले वर्ष 112 लाख क्विंटल धान की खरीदी की गई थी जो लक्ष्य के पार था। वहीं पिछले वर्ष 1 नवम्बर से धान खरीदी शुरू हो चुकी थी। इस वर्ष गत वर्ष की तुलना में 14 दिन विलंब से खरीदी शुरू हुई है। 14 दिन इधर कम हो गये। वहीं 20 दिन शासकीय अवकाश में निकल जायेंगे। ऐसे में इस बार लक्ष्य तक पहुंचने में प्रशासन को और भी अधिक कसावट लाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

जैसे-जैसे किसानों के धान की कटाई होती जा रही है। वैसे-वैसे किसान विक्रय के लिये टोकन कटाते जा रहे हैं। जिले भर के सोसायटियों में मैन्यूअल टोकन के अलावा किसान अपने मोबाइल से ही ऑनलाइन कटा रहे हैं। रोजाना 6 हजार टोकन जिले में कट रहे हैं। अब छुट्टी की वजह से जिन किसानों ने ऑनलाइन टोकन कटाया है। उन किसानों की संख्या सोमवार को सोसायटियों में एकाएक बढ़ जायेगी। इससे सोसायटी में 3 दिन की कार्य को एक दिन करने के लिये अनावश्यक ही दबाव बढ़ेगा।


अन्य पोस्ट