महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 नवम्बर। सिख समाज के गुरु गुरुनानक देव की जयंती प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में कल रात शहर में खालसाई शान के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की अगुवाई पारंपरिक परिधान में सजे-धजे हाथों में तलवार धारण किये हुये पंज प्यारों ने की। शोभायात्रा स्टेशन मार्ग स्थित गुरू तेगबहादर गुरूद्वारा साहिब से निकालकर नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होती हुई वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंची। मध्य रात्रि गुरू जी साहब का भव्य जन्मोत्सव मनाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार दीपावली के बाद से ही सिख समाज के महिला-पुरूष व बच्चे रोजाना प्रभात फेरी निकालकर गुरूबाणी को जन सामान्य तक पहुंचा रहे थे। इसके अलावा लोहिया चौक में रोजाना अरदास से शहर का माहौल गुरूनानक मय हो चुका था। कल शाम निकाली शोभायात्रा में बच्चों ने हाथों में लिये रस्से से आकर्षक करतब दिखाये। शोभायात्रा का सिख समाज के अलावा दिगर समाज के लोगों ने भी जलपान से व पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
प्रथम पंक्ति में ब्रॉस बैंड के कलाकार अपनी कला से लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहे थे। ठीक इसके पीछे महिलाएं जो बोले सो निहाल सतश्री अकाल का उद्घोष करती हुई चल रही थीं। बाद गुरूग्रंथ साहब का विशाल रथ चल रहा था। जिसकी अगुवाई पंज प्यारे कर रहे थे। पंज प्यारों के रास्ते पर महिलाएं झाडू लगाती हुई तथा सडक़ को पानी से धोतेे चल रहीं थीं और पुरूष राह में फूल बिछाते चल रहे थे। गुरूनानक देव के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आज प्रात: 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्टेशन मार्ग स्थित गुरू तेग बहादर गुरूद्वारा साहब में अटूट लंगर जारी रहा। जिसमें शहर के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।