महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 नवंबर। जांचकर्ता अधिकारी मीता मुखर्जी के द्वारा कई बार जांच के लिए विभागीय पत्र पाने के बाद भी जांच पूर्ण नहीं किया गया। आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर अपने कनिष्ठ अधिकारियों को बचाने के लिए विलंब की है। इसकी नियमित शिकायत होने पर संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग रायपुर ने जांचकर्ता अधिकारी के विरूद्व कार्य के प्रति उदासीनता बरतने का कारण बताकर आवश्यक कार्रवाई के लिए डीपीआई रायपुर को पत्र भेजा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीईओ कार्यालय बसना के अन्तर्गत फ ीरूलाल बाघ शिक्षक का सेवानिवृत्ति के बाद शासन के नियम विपरीत उसकी पुन:नियुक्ति की गई है। शासकीय कोष को क्षति पहुंचाया गया है। इसमें वर्तमान बीईओ जेआर डहरिया एवं हिमांशु भारती तत्कालीन डीईओ महासमुंद की मिलीभगत का आरोप लगाकर आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने 9 सितंबर 2022 को लिखित शिकायत सुनील जैन आईएएस तत्कालीन संचालक डीपीआई रायपुर को किया था।
उक्त शिकायत में 6 अक्टूबर 2022 को जांच करने के लिए मीता मुखर्जी तत्कालीन उप संचालक संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग रायपुर को जांचकर्ता अधिकारी नियुक्त करके अभिमत सहित जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया।
आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास का आरोप है कि मीता मुखर्जी जब महासमुंद डीईओ के पद में पदस्थ थीं, तब बीईओ जेआर डहरिया एवं हिमांशु भारती से विभागीय कार्य से घनिष्ठ संबंध थे। इस कारण जांचकर्ता अधिकारी नहीं चाहती थी कि जांच निष्पक्ष पूर्ण हो।
क्योंकि जांच होने पर ये दोनों दोषी साबित होते। दोनों के विरूद्व कार्रवाई भी संभव था। इस मामले में कार्रवाई के लिए संभागीय संयुक्त संचालक ने अपने कार्यालय से कई बार नोटिस जारी किया लेकिन जांचकर्ता अधिकारी के द्वारा जांच पूर्ण नहीं करने व जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किये जाने पर कार्य के प्रति उदासीनता मानकर 6 नवंबर 2024 को डीपीआई रायपुर को चिटठी भेजकर जानकारी से अवगत कराया गया है।