महासमुन्द

पालिका कर्मी फि र हड़ताल पर, टैक्स वसूली, सफाई व्यवस्था होगी प्रभावित
13-Nov-2024 2:38 PM
पालिका कर्मी फि र हड़ताल पर, टैक्स वसूली, सफाई व्यवस्था होगी प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 नवंबर।
शहर में नगर पालिका की टैक्स वसूली, सफाई व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाएं एक बार फिर प्रभावित होंगी। दरअसल नगरीय निकायों के कर्मचारी एक बार फिर अपनी 6 सूत्रीय मांगों को लेकर कल 12 नवंबर से हड़ताल पर चले गए हैं। आज से नगर पालिका के दर्जनों कर्मचारी नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी संघ के बैनर तले बिलासपुर के नेहरू चौक में प्रदर्शन कर रहे हैं। इसमें शामिल होने के लिए शहर से बड़ी संख्या में कर्मचारी रवाना हुए हैं। हड़ताल की वजह से जमीन के सीमांकन, सफाई कार्य प्रभावित है। 

नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने पिछले माह आश्वासन पर अपना आंदोलन समाप्त किया था। अब वे 12 से 14 नवंबर तक तीन दिन हड़ताल पर रहेंगे। उनकी 6 सूत्रीय मांगों में लंबित वेतन भुगतान सहित 1 तारीख को ट्रेजरी के माध्यम से वेतन भुगतान, नगरीय निकायों में प्लेसमेंट ठेका पद्धति शीघ्र ही समाप्त करने, नगरीय निकायों में ओल्ड पेंशन योजना शीघ्र लागू करने, नगरीय निकायों में मृतक कर्मचारी के परिवार के सदस्यों को अनुकम्पा नियुक्ति दिए जाने, नगरीय निकायों में 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को शीघ्र पदोन्नत किए जाने, छठवें एवं सातवें वेतनमान की एरियर राशि का भुगतान शामिल है। इस संबंध में विभागीय मंत्री अरुण साहू ने विगत 26-27 सितंबर को समीक्षा बैठक में एक तारीख को वेतन भुगतान करने नगरीय निकाय के अधिकारियों को निर्देश दिया था। बावजूद वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है। जिससे नगरीय निकाय के कर्मचारियों में रोष है। 


अन्य पोस्ट