महासमुन्द

महासमुंद की 133 समितियों के प्रबंधकों ने किया धान खरीदी का बहिष्कार
12-Nov-2024 1:50 PM
महासमुंद की 133 समितियों के प्रबंधकों  ने किया धान खरीदी का बहिष्कार

कहा-समिति का काम करेंगे पर धान खरीदना जी का जंजाल

लिखित सूचना कलेक्टर उपायुक्त उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं तथा नोडल अधिकारी को दी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 महासमुंद, 12 नवंबर। महासमुंद जिले के 133 समितियों के प्रबंधकों ने धान खरीदी का बहिष्कार कर दिया है। कल शाम बहिष्कार की लिखित सूचना डिप्टी कलेक्टर, उपायुक्त तथा नोडल अधिकारी को दी है।

मालूम हो कि जिले में धान खरीदी के पहले 133 समितियों के 182 उपार्जन केन्द्रों में कार्यरत सहायक कर्मचारियों ने कर्मचारी हित में धान खरीदी नीतियों में बदलाव की मांग को लेकर धान खरीदी का बहिष्कार कर दिया है। जिसकी लिखित सूचना कलेक्टर उपायुक्त उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं तथा नोडल अधिकारी महासमुंद को दी है। कल दर्जनों प्रबंधक कलेक्टोरेट पहुंचे थे।

राज्य सरकार की धान खरीदी नीति 202425 को समिति के अनुकूल नहीं होने की बात कहते हुए कल जिले के सहकारी कर्मचारी  समितियों को आर्थिक संकट में फं सता देख कलेक्टर कार्यालय पहुंचे तथा 3 बिंदुओं पर कलेक्टोरेट में ज्ञापन सौंपा। जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ के सदस्यों का कहना है कि धान खरीदी नीति में पिछली सरकार द्वारा 72 घंटे के भीतर धान के उठाव नियम को वर्तमान राज्य सरकार ने समाप्त कर दिया है।  कर्मचारी संघ का कहना है कि 72 घंटे के भीतर धान का उठाव नहीं होने की वजह से धान का पूरा उठाव 31 मार्च की स्थिति के मान से धान का सूखत अधिक होने से समितियों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ेगा। साथ ही उपार्जन केन्द्रों में पाई जाने वाली धान की कमी का हर्जाना समितियों से ही वसूली की जाएगी। ऐसी स्थिति में समिति प्रबंधक को आर्थिक नुकसान समेत मानसिक रूप से प्रताडि़त होना पड़ेगा। लिहाजा समिति के कर्मचारियों ने फैसला लिया है कि वे शासन द्वारा बनाई गई धान खरीदी नीति वर्ष 2024-2025 में संशोधन की महती आवश्यकता है। इस नीति में धान खरीदना समितियों के लिए जी का जंजाल साबित होगा। जयप्रकाश साहू जिलाध्यक्ष सहकारी समिति कर्मचारी संघ महासमुंद का कहना है कि हम समिति का काम करेंगे। लेकिन जारी नीति में सुधार नहीं होने स्थिति में धान खरीदी नहीं करेंगे। जिले के 133 सहकारी समिति के समिति के प्रबंधक एवं 182 उपार्जन केन्द्रों के कार्यरत सहायक कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर पहुंचकर धान खरीदी के बहिष्कार का ज्ञापन सौंप दिया है। वैसे भी जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ के बैनर तले तीन सूत्रीय मांग को लेकर जिले के सहकारी कर्मचारी पिछले 04 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इनकी मांग है कि धान खरीदी केन्द्रों में बफर स्टाक होने पर 72 घंटे में उठाव हो, 28 फरवरी तक धान खरीदी केन्द्रों से संपूर्ण धान का उठाव हो एवं जीरो शार्टेज लाने वाले समितियों को बोनस के तौर पर 2.5 प्रतिशत दिया जाए।

मांग पूरी न होने पर 33 सहकारी समिति के 182 धान उपार्जन केन्द्रों के कर्मचारी कलेक्टोरेट पहुंचे है और अपर कलेक्टर को अपनी मांगों से अवगत कराया है। धान खरीदी प्रभारी एवं समिति प्रभारी के पद के दायित्व में नही रहने के संबंध में भी ज्ञापन सौंपा है।


अन्य पोस्ट