महासमुन्द

राजमार्ग के किनारे अस्पताल के पीछे कचरे की ढेरी से बदबू
10-Nov-2024 2:38 PM
राजमार्ग के किनारे अस्पताल के पीछे कचरे की ढेरी से बदबू

खुले में पड़े मिलते हैं सिरिंज, पट्टियां, दवाइयों के खुले पैकेट 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,10 नवंबर।
महासमुंद से सरायपाली मार्ग पर घंटेश्वरी मंदिर के आगे राजमार्ग के किनारे अस्पताल से निकले सिरिंजों, पट्टियोंं, दवाइयों के खुले पैकेट पड़े होते हैं। अस्पताल से थोड़ी दूर में खुले में इन अपशिष्टों को जलाए जाने के निशान भी साफ दिखते हैं। 
यहां घंटेश्वरी मंदिर से आगे राजमार्ग किनारे एक निजी अस्पताल संचालित है। 

इस रास्ते सुबह-सुबह अनेक लोग मार्निंग वाक करते हैं। इस दौरान अस्पताल के सामने राजमार्ग के किनारे काफी संख्या में अस्पताल से निकलने वाले वेस्ट समान सडक़ किनारे व झाडिय़ों में पड़ा दिखाई देता है। इन अपशिष्टों से भारी बदबू के चलते लोगों को आवाजाही में दिक्कतें आती हैं। 

छत्तीसगढ़’ के एक पाठक ने यह तस्वीर भेजकर जानकारी दी है कि अस्पताल के ठीक पीछे अस्पताल से निकलने वाले अपशिष्टों को 40- 50 बोरियों में भरकर फेंका गया है। इन बोरों को देखने से ऐसा लग रहा था कि यह काफी दिनों से रखा हुआ है। इसके पीछे  इतनी बदबू आती है कि वहां खड़ा होना भी संभव नहीं होता। अस्पताल के 100 फ ीट आगे सडक़ के नीचे हल्का गड्ढा खोदकर अस्पताल से निकलने वाले अपशिष्ट को जलाया भी जाता है। 

इस संबंध में संबंधित अस्पताल के एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हर 2 दिनों के बाद रायपुर से एक बन्द गाड़ी आती है और इन अपशिष्टों को भरकर ले जाती हैं। बोरियों में अस्पताल का 2-3 दिनों का वेस्टेज होता है। अस्पताल में इन्हें नष्ट करने वाली मशीन अथवा अन्य साधन नहीं है। इसलिए इन्हें बाहर रख दिया जाता है।

इस मामले में सरायपाली विधायक चातुरी नंद का कहना है कि नगर में अनेक बड़े व छोटे अस्पताल हैं। शासन व विभाग को चाहिए कि वह इन अस्पतालों में शासन द्वारा दिये गए गाइडलाइन का पालन कर रहे हैं या नहीं,अस्पताल से निकलने वाले अपशिष्टों को नष्ट किये जाने की व्यवस्था है या नहीं, मरीजों व मरीजों के परिजनों के लिए निर्धारित सुविधाएं है या नहीं, इसके साथ ही सभी अस्पतालों व डिस्पेंसरी के पास अस्पताल संचालन के लिए वैध दस्तावेज हैं या नहीं इन सभी की जांच होनी चाहिए। शिकायत आई है। लोगों के आनेजाने की जगह पर अस्पताल का वेस्टेज फेंकना अनुचित है। कार्रवाई होगी।

मालूम हो कि जिले के सरायपाली नगर में अनेक शासकीय व निजी अस्पताल संचालित हैं, साथ ही कई झोलाछाप डॉक्टर भी ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में निजी प्रैक्टिस कर रहे हैं। इनमें से कइयों के पास चिकित्सकीय उपचार किए जाने का वैध लायसेंस भी नहीं है फिर भी विभागीय अधिकारियों से सेटिंग कर डॉक्टरी किए जा रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में बीएएमएस, आयुर्वेदिक व अन्य स्वास्थ्य डिग्री के अलावा बगैर डिग्रीधारी कथित चिकित्सक बेखौफ  होकर डिस्पेंसरी व अस्पतालों का संचालन कर रहे हैं। इनमें से कोई भी प्रबंधन अस्पताल में निकलने वाले अपशिष्टों को नष्ट नहीं करता, बल्कि इन अपशिष्टि को जलाकर या खुले में फेंककर अपने कामों की इतिश्री कर लेते हैं। 


अन्य पोस्ट