महासमुन्द
बांजीबहाल स्कूल से 2 सौ मीटर की दूरी पर 31 लाख की लागत से बना शिक्षक आवास
विभाग ने आवास बनाकर शिक्षा विभाग को हैंड ओवर भी कर दिया, लेकिन यहां कोई रहने नहीं आया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 नवंबर। महासमुंद में शिक्षकों के रहने के लिए लाखों रुपए खर्च कर शिक्षक आवास बनाया जरूर गया था लेकिन अब ये आवास खंडहर में तब्दील हो रहे हैं। हैरत की बात यह है कि इसकी जानकारी शिक्षा विभाग को है ही नहीं। यहीं नहीं 31 लाख की लागत से बनााए गए आवास में ना पानी है और ना ही बिजली। छत पर लगाई गई पानी की टंकी तक गायब है।
गौरतलब है कि आकांक्षी जिले में आने के कारण मानव संसाधन विकास मंत्रालय नई दिल्ली की ओर से समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्ययोजना सत्र 2018-19 के तहत महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड के ग्राम बांजीबहाल शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला से 2 सौ मीटर की दूरी पर 31 लाख की लागत से 5 शिक्षक आवास सिंगल बनाए गए हैं। जिसका निर्माण एजेंसी आरईएस को बनाया गया था।
विभाग ने आवास बनाकर शिक्षा विभाग को हैंड ओवर भी कर दिया लेकिन पिछले 2 साल से इन आवास का उपयोग तक नहीं हो पाया है। अब तो शिक्षा विभाग भी शिक्षकों के लिए बने इस आवास को भूल भी चुका है।
शिक्षा विभाग के सहायक संचालक से इस आवास के संबंध में बात की गई तो इसकी जानकारी दोने से शिक्षा विभाग के सहायक संचालक अनभिज्ञता जाहिर करते हुए इसकी जानकारी देने से मना कर दिया।
सरकारी नियमों की बात करें तो स्कूल से 8 किलोमीटर के दायरे में शिक्षकों को रहना है। अधिक दूरी होने की स्थिति को देखते हुए मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए ही शिक्षकों को स्कूल के नजदीक रखने के उद्देश्य से ही लाखों रुपए खर्च कर घर बनाए गए हैं। लेकिन 2 साल में एक भी शिक्षक को मकान अलाट नहीं हुआ।