महासमुन्द

बबूल का बिल बनवाकर ट्रक में खैर लकड़ी की तस्करी, चालक-परिचालक पकड़ाया
10-Nov-2024 2:25 PM
बबूल का बिल बनवाकर ट्रक में खैर लकड़ी की तस्करी, चालक-परिचालक पकड़ाया

ओडिशा से हरियाणा ले जाया जा रहा था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 नवंबर।
महासमुंद-ओडिशा सीमा पर बंजारी नाका के पास कल वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में खैर लकड़ी जब्त किया गया है। उक्त ट्रक में बबूल लकड़ी का बिल बनवाकर अवैध रूप से कीमती खैर लकड़ी की तस्करी की जा रही थी।  जिसे वन विभाग की टीम ने पकड़ा है। 

वन विभाग से मिली जानकारी अनुसार वनमंडलाधिकारी महासमुंद पंकज राजपूत के निर्देशन, उप वनमंडलाधिकारी सरायपाली अनिल भास्करन के मार्गदर्शन एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी सरायपाली प्रत्युष टाण्डेय के नेतृत्व में परिक्षेत्र सरायपाली के वनोपज जांच नाका बंजारी में वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान 9 नवंबर को एक 12 चक्का ट्रक ओडिशा से आते दिखा। उक्त ट्रक को जांच हेतु रोक गया। शंका के आधार पर ट्रक की जांच किये जाने पर वास्तविकता सामने आई। 

ट्रक चालक बबूल लकड़ी का बिल बनवाकर ट्रक में खैर इमारती लकड़ी की तस्करी कर रहा था। जिसे अग्रिम कार्रवाई हेतु रोका गया और जब्ती की कार्रवाई की गई।
इस संबंध में सरायपाली वन परिक्षेत्राधिकारी प्रत्यूष पांडे का कहना है कि वनमंडलाधिकारी महासमुंद पंकज राजपूत के निर्देशन में उप वनमंडलाधिकारी सरायपाली अनिल भास्करन के मार्गदर्शन में वनोपज जांच चौकी बंजारी नाका में वाहन जांच के दौरान एक ट्रक 12 चक्का वाहन में अवैध रूप से खैर लकड़ी बलांगीर ओडिशा की ओर से आ रहा था। उक्त वाहन को को रोककर वन विभाग ने वाहन चालक से पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने बताया कि खैर लकड़ी को बलांगीर ओडिशा से हरियाणा ले जा रहे हंै। उन्होंने वाहन मालिक का नाम नसीम खान बताया। चालक ने वाहन से संबंधित कागजात दिखाया जिसमें फ ायर यूड इसरायली बबूल एण्ड बबूल 24.20 एमटीएस का कागजात था।

उक्त कार्रवाई में खैर प्रजाति के लट्ठे, एक 12 चक्का ट्रक वाहन, बीजेड 1709 खैर लट्ठा जप्त की गई। जिसका पीओआर नं. 14383-01 दिनांक 09 नवंबर 2024 जारी की गई है। जप्त वनोपज की कीमत एवं मात्रा वनोपज के गणना अभी की जा रही है। संभावना है कि इस लकड़ी की कीमत लाखों में है।

वाहन ड्राइवर नाम मनोज यादव एवं हेल्पर अतुल यादव से पूछताछ कर भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41, 42 के साथ धारा 76, छग अभिवहन वनोपज नियम 2001 की धारा 03, 04, 05, 14 एवं धारा 22 के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण की विवेचना जारी है। 
 


अन्य पोस्ट