महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 9 नवंबर। राज्य की भाजपा सरकारके द्वारा रबी फसल में धान पर प्रतिबंध लगाए जाने के फरमान से इस डबल इंजन वाली सरकार का किसान विरोधी चेहरा सार्वजनिक हो गया है। उक्त बातें विधायक द्वारिकाधीश यादव ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही ।
श्री यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था कृषि आधारित है और सर्वाधिक मात्रा में कृषक गण दोनों फसलों के दौरान धान की फसल ही उगाते हैं। क्योंकि धान की फसल का विक्रय और नगदी करण आसानी से हो जाता है, जिसमें स्थानीय व्यापारी भी किसानों का साथ देते हैं।
श्री यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान अपने दोनों फसलों के कृषि कार्यों के आधार पर ही ट्रैक्टर इत्यादि के लिए ऋण लिए रहते हैं, तो कई किसान भाई अपने बेटे बेटियों की शादी के लिए इन्हीं डबल फसल के भरोसे कर्ज लिए रहते हैं, वही बेरोजगार युवा खेती के भरोसे घर चलाने वाले अपने माता-पिता का सहयोग करते हुए अपने परिवार का सही तरीके से पालन पोषण संभव हो सके इसके लिए प्रयत्न करते रहते हैं। लेकिन इस प्रकार रबी फसल के दौरान धान की फसल प्रतिबंधित किए जाने पर किसानों की आर्थिक स्थिति और कमजोर होती जाएगी और वह कर्ज के फंदे में फंसकर गलत कदम उठाने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
युवाओं को बेरोजगारी की चक्की में पीसने के लिए भाजपा तैयार
श्री यादव ने कहा कि यह सरकार युवाओं को नौकरी के सपने दिखाकर सत्ता पर आई है लेकिन वह अपनी बात पर खरी न उतारते हुए किसी भी प्रकारकी भर्ती न निकालते हुए युवाओं को ठगने में लगी हुई है,और उन युवाओं को बेरोजगारी की चक्की में पीसने के लिए यह भाजपा की दोहरे चेहरे वाली सरकार मुस्तैद बैठी है ।
श्री यादव ने कहा कि कई युवा कर्ज लेकर कृषि दवाई की दुकान संचालित कर रहे हैं लेकिन रबी फसल के रूप में धान की फसल ना लिए जाने पर उनकी दवाइयां जिनका स्टॉक वे धान की फसल के आधार पर अपनी दुकानों के लिए खरीद चुके हैं वह नहीं बिक पायेंगी और वे कर्ज के बोझ में दब जाएंगे ।और वहीकृषि दवाई के विक्रय हेतु गांव-गांव घूम कर दवाई बेचने वाले युवा गण भी बेरोजगार हो जाएंगे क्योंकि दवाइयां नहीं बिकने पर कंपनियां भी छटनी करने में लग जाएगी ।जिससे युवा शक्ति जो प्रदेश और देश के भविष्य का आधार है उन्हें काभारी नुकसान होगा, जो कि सरासर अन्याय हैं ।
बड़े व्यापारियों की हितैषी बनी है भाजपा
श्री यादव ने कहा कि यह डबल इंजन वाली भाजपा सरकार एक ओर किसान और युवाओं को कमजोर बनाने में लगी है तो वहीं दूसरी ओर फसल खरीद लेने का कानून लाकर अपने पूंजीपति व्यापारियों मित्रोंको मजबूत करते हुए उनके गोडाउन बनवाने में लगी हुई है जो कि छत्तीसगढ़ के किसानों और युवाओं के ऊपर सीधा अत्याचार हैं जो बर्दाश्त के बाहर है ।
इसलिए विधायक द्वारकाधीश यादव ने राज्य सरकार से मांग की है कि वह अपने इस किसान व युवा विरोधी कार्यों से बाज आए अन्यथा किसानों और युवाओं को इस किसान विरोधी फरमान के विरोध में उग्र कदम उठाना पड़ेगा । जिसके लिए कांग्रेस पार्टी युवाओं तथा किसानों को न्याय दिलाने हेतु हर मोर्चे पर उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ेगी।