महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 नवंबर। वन मंडल महासमुंद ने आज सुबह हाथी की उपस्थिति रिपोर्ट जारी की है जिसके अनुसार 5 नवंबर की सुबह एक दंतैल हाथी ग्राम कोना के खेत में घूम रहा था और उसने कक्ष क्रमांक 78,79 के जंगल में प्रवेश किया है।
वर्तमान लोकेशन कक्ष क्रमांक 78 -79 है। अत: ग्राम कोना, जीवतरा, बकमा, धनसुली, केशवा, बोरियाझर, कोसरंगी, खट्टी के आसपास के गांवों में रहने वाले ग्रामीणों को अलर्ट रहने कहा है।
कहा गया है कि आज रात्रि यह दंतैल रात्रि में महासमुंद से बागबाहरा रोड को पार कर कर आगे की ओर बढ़ सकता है। अत: ग्राम सिरगिड़ी, झालखमरिया, उमरदा, अरंड, मुड़मार, पतेरापाली, गौरखेड़ा, दलदली, सोरिद, बनसीवनी तथा आस पास के ग्रामीण भी सतर्क रहें। कोई भी व्यक्ति जंगल न जावें। एक दूसरे को सचेत करते रहें। हाथी दिखने पर नजदीकी वन कर्मचारी को सूचना देवें।
वन विभाग के अनुसार वन परिक्षेत्र महासमुंद में एक दंतैल हाथी इस समय विचरण कर रहा है। इसकी पहचान वन विभाग ने टस्कर एम 3 के रूप में की है। यह दंतैल हाथी फिंगेश्वर से निकल कर बघनई नदी को पार कर धनसुली और जीवतरा गांव के खेत से होकर कक्ष क्रमांक 78,79 के जंगल में सुबह-सुबह प्रवेश किया है। यह टस्कर काफी गुस्सैल है और इन्होंने कई लोगों को मार गिराया है साथ ही किसानों के खेतों में लगे फसल को भी काफी नुकसान पहुंचाया है।