महासमुन्द

महानदी में अवैध रेत खुदाई के बाद झाडिय़ों में छिपा रखी चेन माउंटेड व लोडर जब्त
28-Oct-2024 3:31 PM
महानदी में अवैध रेत खुदाई के बाद झाडिय़ों में छिपा रखी चेन माउंटेड व लोडर जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 अक्टूबर। महानदी से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए खनिज अमले ने सिरपुर पुलिस के सहयोग से एक चेन माउंटेड और एक चेन माउंटेड लोडर मशीन को जब्त किया है। उत्खनन पश्चात इन मशीनों को नदी से दूर झाडिय़ों में छिपाकर रखा गया था। इन्हें ढूंढने में टीम को रात में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मिली जानकारी के अनुसार रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। उसके बावजूद महानदी के अनेक घाटों पर रेत का खेल भी लगातार जारी है। इसी तारतम्य में खनिज विभाग की टीम ने सिरपुर पुलिस के साथ बीती रात खड़सा और केडियाडीह तथा आसपास के  घाटों के पास सक्रिय थी।

 शिकायतों में बताया गया था कि चेन माउंटेड और चेन माउंटेड लोडर मशीनों से रात-दिन महानदी से रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है, लेकिन कल रात में नदी में मशीनें नहीं दिखीं। तब टीम ने आसपास की झाडिय़ों में खोजबीन शुरू की। अल सुबह झाडिय़ों के बीच रास्ते में चेन माउंटेड मशीन के चेन मुंडे के गहरे निशान देखकर टीम पीछे-पीछे गई तो उन्हें झाडिय़ों के बीच छिपाकर रखी मशीन मिलीं।

टीम ने ग्राम खड़सा में रेत के अवैध उत्खनन में लिप्त चेन माउंटेड मशीन को नदी क्षेत्र से तथा दूसरी चेन माउंटेड लोडर मशीन को केडियाडीह के नदी क्षेत्र से जब्त किया है। जब्त दोनों मशीनों को तुमगांव लाकर पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया।

खनिज व राजस्व विभाग के दल ने पूर्व में 23 से 25 अक्टूबर तक रात्रि गश्त करते हुए सिरपुर क्षेत्र से 9 हाईवा के विरूद्ध अवैध रेत परिवहन की कार्रवाई की है।

रात्रि गश्त टीम में खनिज स्टॉफ गजेंद्र साहू, इंद्रकुमार तथा सिरपुर पुलिस चौकी से एएसआई तथा कुछ जवान शामिल थे।


अन्य पोस्ट