महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26अक्टूबर। समाज कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में दिव्यांगों की सामाजिक सुरक्षा और समावेशी वातावरण निर्माण के लिए एक बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक का उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों और अवसरों को बढ़ावा देने और उनकी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों और समाजसेवियों ने दिव्यांग जनों की आवश्यकताओं और चुनौतियों को समझने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान सहायक संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह ने नशा मुक्त भारत अभियान का उल्लेख करते हुए सभी अधिकारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं से अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
बैठक में सहायक संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह, जिला परियोजना अधिकारी रेखराज शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश शुक्ला, एसडीओपी मंजूलता बाज की सक्रिय भागीदारी रही। सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश शुक्ला ने दिव्यांगों के लिए अनुकूल परिवहन व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर सुविधाओं की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। बैठक में यह सहमति बनी कि दिव्यांग.अनुकूल नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में समाज की भागीदारी जरूरी है। सरकारी विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं के समन्वय से नीतियों का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
रेखराज शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों और संस्थाओं के बीच समन्वय को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। ताकि नीतियों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्त भारत अभियान को भी प्रमुखता से शामिल किया गया।
साइटसेवर्स इंडिया और अन्य स्थानीय संस्थाओं ने भी इस दिशा में सरकार के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभी सहभागियों ने इस बात पर सहमति जताई कि दिव्यांगों के लिए अनुकूल वातावरण का निर्माण एक सामूहिक जिम्मेदारी है। जिसमें सरकारी विभागों, समाजसेवियों और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है।