महासमुन्द
.jpg)
महासमुंद, 26 अक्टूबर। महासमुंद कोमाखान राज परिवार के सदस्य एवं राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष थियेंद्र प्रताप सिंह का बीती रात आकस्मिक निधन हो गया है।
आज 26 अक्टूबर 2024 को ठाकुर थियेंद्र प्रताप सिंह की अंतिम यात्रा निवास स्थान चकचकी से दोपहर 2 बजे कोमाखान राजमहल के लिए निकलेगी और राजा बाड़ा में अंतिम दर्शन के साथ पूर्वजों के स्थल पर 4 बजे तक अंतिम क्रियाकर्म सम्पन्न होगी। जानकारी अनुसार राजा थियेन्द्र प्रताप का जन्म कोमाखान जमींदार ठाकुर भानुप्रताप के वंश में ठाकुर नरेंद्र प्रताप व बाल कुमारी के गर्भ से हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा कोमाखान व राजकुमार कालेज रायपुर में हुई। उच्च शिक्षा एमबीए की शिक्षा नागपुर से की। उन्होंने पढ़ाई के बाद खेती किसानी में विशेष ध्यान देकर उन्नत खेती की और फसल चक्र परिवर्तन, जैविक कृषि, जैव पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करते रहे। सामाजिक धार्मिक कार्यक्रमों बढ़चढ़ कर भाग लिया। सुअरमार गढ़ के संरक्षण एवं कोमाखान राज परिवार के ऐतिहासिक दस्तावेजीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए सुअरमार गढ़ के संरक्षण, ऐतिहासिक पुरातत्विक स्थल घोषित कराने में उनका अथक प्रयास रहा। राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रहते हुए धार्मिक कार्यक्रमों भागीदारी रही। सहजता, धीरज, मृदु भाषी के साथ-साथ वे बहुत अच्छे श्रोता भी थे, पेंट-कुर्ता गमछा के साथ खेती वाले घुटने तक के जूते उनकी खास पसंद रही।