महासमुन्द

दो हादसों में 2 मासूमों की मौत
25-Oct-2024 3:50 PM
दो हादसों में 2 मासूमों की मौत

एक को ट्रक ने कुचला, दूसरा तालाब में डूबा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,25 अक्टूबर।
महासमुंद जिले में गुरुवार को दो मासूमों की अकाल मौत हो गई। बागबाहरा में एक बच्ची को सीमेंट से लदे ट्रक ने कुचल दिया तो दूसरी घटना में महासमुंद में हुई। यहां कुर्मी पारा के नया तालाब में 7 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। शव की अभी भी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

मालूम हो कि बागबाहरा के खोपड़ी पड़ाव में फुलवारी चौक पर जहां हादसा हुआ, उसके 100 मीटर तक आगे-पीछे मोड़ है। नेशनल हाईवे होने के कारण यहां वाहनों की रफ्तार काफी तेज होती है। यहां बच्ची को रौंदने के बाद आरोपी चालक ट्रक छोडक़र फरार हो गया था। जिसे गांव के पास ही कुछ दूरी पर पकड़ लिया गया। आरोपी के खिलाफ  जुर्म दर्ज कर लिया गया है। 
पुलिस के अनुसार मृतका दीक्षा गुप्ता सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी। इसी बीच वह अकेले ही घर के सामने नेशनल हाईवे पार कर किराने की दुकान खाने का सामान लेने गई थी। वापस लौटते हुए यह हादसा हो गया। घटना के बाद गांव में दुख पसरा हुआ है। वहीं माता.पता की हालत भी खराब है।

पुलिस के अनुसार खोपड़ी पड़ाव फुलवारी चौक में गुरुवार सुबह 7.30 बजे ट्रक की चपेट से दीक्षा गुप्ता (6) पिता राजेंद्र गुप्ता की मौत हो गई। घटना के वक्त ट्रक बागबाहरा से खरियार रोड की ओर जा रही थी।

ग्रामीणों के अनुसार ट्रक में सीमेंट लदा था। वाहन की रफ्तार तेज थी। इसी बीच दीक्षा अपने घर के सामने कुछ दूरी पर किराना की दुकान सामान लेने गई थी। जब सडक़ क्रॉस कर वापस घर लौट रही थी, तभी वह ट्रक की चपेट में आ गई। दीक्षा के पिता की दुकान भी घटना स्थल के पास ही था। जब हादसा हुआ, वह चीख-पुकार मचाते हुए दौड़ा, लेकिन जब तक दीक्षा की बेसुध हो चुकी थी। उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

घटना के वक्त कुछ देर के लिए ट्रक चालक ने वाहन रोका, लेकिन मौका पाते ही वह फरार हो गया। पुलिस के अनुसार ट्रक किसी राजा गुप्ता आर्यन ट्रेडर्स खरियार रोड के नाम से रजिस्टर्ड बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मृतका दीक्षा गुप्ता तीन बहने थीं। वह दूसरे नंबर की थी। दीक्षा कक्षा पहली की छात्रा थी। बच्ची का पोस्टमार्टम कर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। 

दूसरे मामले में महासमुंद के कुर्मी पारा के पास बंधवा तालाब में दोपहर करीब 3 बजे करीब 8 साल के लडक़े का शव तैरते हुआ मिला। तालाब में तीन-चार बच्चे नहाने आए थे। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। कल देर शाम तक बच्चे की पहचान नहीं हो सकी थी। 

पुलिस को संभावना है कि बच्चा पीटियाझर या उसके आसपास का निवासी हो सकता है। पुलिस ने शव को मरच्यूरी में रखवा दिया है। वहीं शव की शिनाख्ती के लिए आसपास के क्षेत्रों में सूचना दे दी गई है। पुलिस ने प्रारंभिक आशंका जाहिर की है कि बच्चा तालाब में नहाने के लिए उतरा था। जहां अत्यधिक गड्ढे में जाने से वह हादसे का शिकार हो गया। हालांकि इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस की टीम जांच में जुटी हुई है।
 


अन्य पोस्ट