महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अक्टूबर। जिले की 14 स्कूलें पिछले कई माह से बिना शिक्षकों के ही भगवान भरोसे चल रही है। फलस्वरूप विद्यार्थियों को स्वयं पढ़ाई कर या फिर कोचिंग, ट्यूशन के माध्यम से शिक्षा हासिल करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि आये दिन जिला प्रशासन के पास जनदर्शन तथा अन्य माध्यमों से शिक्षकों की कमी तथा एक शिक्षकीय स्कूलों की शिकायतें पहुंचती रहती है। बावजूद इसके अब तक इसे लेकर प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई है। खास बातें यह भी है कि प्रभावशील व्यक्तियों के परिजनों की मूल पदस्थापना वन ग्राम या ग्रामीण अंचलों में हुई है। बावजूद इसके वे मिलीभगत कर जिला मुख्यालय के आसपास अटैच हैं। फलस्वरूप ग्रामीण स्कूलों में शिक्षकों की हमेशा कमी रहती है।
यह भी बताना जरूरी है कि जिले के 14 स्कूलों में शिक्षक नहीं है। लेकिन अनेक स्कूलों में अतिशेष की स्थिति है। मिली जानकारी के अनुसार एक शिक्षकीय स्कूलों में शिक्षक किसी कारणवश छुट्टी लेता है तो उस दिन पढ़ाई का है बंटाधार हो जाता है। एकल शिक्षक स्कूल में प्राथमिक स्कूल की संख्या सर्वाधिक है। जिसमें बागबाहरा में 79, बसना में 59, पिथोरा में 53, महासमुंद में 23 तथा सरायपाली में 11 स्कूल एक शिक्षक के भरोसे चल रही है। और यहां भी शिक्षकों पर पढ़ाने के अलावा अन्य कार्य का प्रेशर है।
शिक्षा विभाग में जमीनी हकीकत की बात यह है कि यहां वर्तमान में पदोन्नति का जोर है। पदोन्नति के बाद ये आंकड़े और भी बढ़ जाएंगे। प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में बच्चों को गणवेश, पुस्तक, भोजन उपलब्ध हो रहा है लेकिन शिक्षकों की व्यवस्था पर ध्यान कम है। सैकड़ों स्कूल एक शिक्षक के ही भरोसे हैं। जिले में कुछ स्कूल ऐसे हैं, जहां एक शिक्षक ही पहली से पांचवीं तक के बच्चों को पढ़ा रहा है।
जिला शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 1281 प्राथमिक शाला में से कुल 234 स्कूलों में एक-एक शिक्षक की नियुक्ति है। वहीं 14 माध्यमिक शाला में एक शिक्षक पर बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी है। विषयों के शिक्षक नहीं होने से एक शिक्षक को ही सभी विषय छात्रों को पढ़ाना पड़ता है। इसके अलावा स्कूल से संबंधित अन्य कार्य भी शिक्षक को अकेले ही करना पड़ता है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है।
यही कारण है कि शासकीय स्कूलों में दर्ज संख्या में गिरावट भी आ रही है। ज्यादातर गांव के बच्चे तो आरटीई के तहत निजी स्कूल में प्रवेश ले या लेते हैं। शासन व स्कूल शिक्षा विभाग कितने भी दावे करे, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का स्तर ज्यादा पिछड़ा है।
ज्यादातर शिक्षक यहां जाना नहीं चाहते हैं। शिक्षकों की व्यवस्था कर भी दी जाए तो शिक्षक ज्यादा दिन टिकते नहीं हैं। शिक्षक नहीं होने के कारण गांव के ही कुछ जागरूक युवा अपनी सेवाएं देकर बच्चों को अध्ययन भी कराते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में आए दिन शिक्षकों की कमी को लेकर तालाबंदी की भी खबरें आती हैं। फिर आस-पास के स्कूलों में शिक्षकों की व्यवस्था कर दी जाती है लेकिन स्थायी नियुक्ति नहीं होने से समस्या बरकरार रहती है।