महासमुन्द

80 हजार आबादी वाले महासमुंद शहर में 100 टन से ज्यादा बारूद, शासन-प्रशासन खतरे से बेखबर
24-Oct-2024 2:23 PM
80 हजार आबादी वाले महासमुंद शहर में 100 टन से ज्यादा बारूद, शासन-प्रशासन खतरे से बेखबर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अक्टूबर।
महासमुंद शहर के बीचों बीच इस वक्त बारूद की ढेरी लगी हुई है। करीब 80 हजार आबादी वाले इस शहर में 100 टन से ज्यादा बारूद बेचने के नाम पर रखा गया 

इसकी भनक जिला प्रशासन को है अथवा नहीं, यह तो नहीं मालूम, लेकिन अखबारों और सोशल मीडिया में खबरें जारी होने के बाद भी वह अब तक बेखबर है। इस तरह विस्फोटक नियमों की अनदेखी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने कारण कभी भी बड़ा हादसे की संभावना है। प्रशासन ने जिन 22 व्यापारियों को गोदाम के आधार पर स्थाई पटाखा लाइसेंस दिया है, सभी व्यापारियों ने गोदाम के बजाए पटाखा शहर में अपने घर, दुकान या फिर परिचित के घर डंप कर रखा है।

पटाखा लाइसेंस होल्डरों को जिला प्रशासन ने जिन जगहों पर पटाखे रखने की अनुमति दी थी वहां गोदामों में पटाखे का स्टॉक नहीं पाया गया और न ही मौके पर कोई गोदाम है। यहां तक 1999 से लेकर अब तक जारी लाइसेंस के आधार पर गोदामों की जांच प्रशासन ने कभी नहीं की है। लाइसेंस जारी करने के बाद जिला प्रशासन ने भौतिक सत्यापन कराना भूल गया। 
जिन स्थानों पर प्रशासन ने फटाका रखने की अनुमति लाइसेंस दी थी वहां इस वक्त खंडहर, पोल्ट्री फॉर्म, मछली पालन, राइस मिल, बेल्डिंग दुकान, डामर प्लांट, ढाबा, घनी आबादी है। ठीक इसके विपरीत फटाका व्यापारियों ने शहर के बीचोंबीच फटाके के  दुकान रखे हुए हैं। 

इस मामले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह का कहना है कि यदि नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है तो उनके खिलाफ  कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए तहसीलदार को निर्देशित किया गया है। जो भी प्रावधान है उसके अनुसार कार्रवाई करेंगे।
 


अन्य पोस्ट