महासमुन्द

आदेश के तीन दिन बाद भी शिक्षक ने पदभार ग्रहण नहीं किया, लिमाऊगुुड़ा में फिर धरने पर पालक
18-Oct-2024 7:59 PM
आदेश के तीन दिन बाद भी शिक्षक ने पदभार ग्रहण नहीं किया,  लिमाऊगुुड़ा में फिर धरने पर पालक

पिछले बार बीईओ पहुंचे थे, इस बार न शिक्षक पहुंचा, न अधिकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 18 अक्टूबर। जिले के सरायपाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम लिमाऊगुड़ा के स्कूल में एक शिक्षक की व्यवस्था आदेश के तीन दिन बाद भी  उक्त शिक्षक ने शाला में पदभार ग्रहण नहीं किया है। जिससे पालकों में पुन: आक्रोश देखा जा रहा है। शिक्षक के ज्वाईन नहीं करने पर कल एक बार फिर से शाला के मेन गेट के सामने पालक धरने पर बैठ गए और जल्द शिक्षक की व्यवस्था की मांग करने लगे।

गौरतलब है कि लिमाऊ गुड़ा में शिक्षक की मांग को लेकर पालकों एवं ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया था। इसकी जानकारी मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद्र मांझी पहुंचे और तत्काल शिक्षक की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया था। जिस पर पालकों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया था। वहीं बीईओ के द्वारा आनन फानन में आदेश जारी कर उक्त शाला में एक शिक्षक की व्यवस्था भी की गई। लेकिन बीईओ के आदेश के तीन दिन बाद भी शिक्षक ने लिमाऊगुड़ा स्कूल नहीं पहुंचे।

इससे पालकों एवं ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर पुन: स्कूल के मुख्य गेट में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कल धरना प्रदर्शन कर रहे पालकों ने बताया कि बीईओ के द्वारा शिक्षक की व्यवस्था आदेश के बाद भी शिक्षक यहां नहीं आ रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही  है। इससे लिमाऊगुड़ा के ग्रामीणों व पालकों में काफी नाराजगी है। यही कारण है कि आज उन्हें पुन: धरना पर बैठना पड़ रहा है। पालकों ने बताया  कि धरना के बावजूद भी न तो शिक्षा विभाग से कोई अधिकारी पहुंचे, और न ही उक्त शिक्षक ने वहां ज्वाईन किया है। इस संबंध में ‘छत्तीसगढ़’ ने विकासखण्ड  शिक्षा अधिकारी श्री मांझी से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।   


अन्य पोस्ट