महासमुन्द

अनगढ़ बच्चों को सुयोग्य नागरिक बनाना है -रूपकुमारी
16-Oct-2024 3:07 PM
अनगढ़ बच्चों को सुयोग्य नागरिक बनाना है -रूपकुमारी

नव निर्वाचित स्काउट-गाइड पदाधिकारियों ने ली शपथ 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 अक्टूबर।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ जिला महासमुंद में राज्य मुख्य आयुक्त डॉ सोमनाथ यादव के अध्यक्षता एवं जिला मुख्य आयुक्त चन्द्रहास चन्द्राकर, येत राम साहू जिलाध्यक्ष तथा समस्त जिला उपाध्यक्ष एस चन्द्रसेन, धर्मशीला दास, सुधा साहू, जय पवार,एम आर सावंत जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त स्काउट, अमी रूफ़ स जिला आयुक्त गाइड, सतीश नायर व एन के सिन्हा सहायक संचालक द्वय की उपस्थिति में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। 

राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव ने जिला सचिव, समस्त ब्लॉक सचिव एवं उपस्थित जिला के स्काउटर गाइडर को स्कॉउटिंग गतिविधि के बारे क्रमश: विकासखण्डवार जानकारी दी। नव पदाधिकरियों को वरिष्ठ स्काउटर राम कुमार साहू ने स्कॉउटिंग के उद्देश्य एवं पदधिकारियों के  दायित्व को संक्षिप्त में बताया। 

जिला मुख्य आयुक्त चन्द्रहास चन्द्राकर ने आश्वस्त किया कि जिले की स्कॉउटिंग को हम आगे बढ़ाएंगे। जिससे जिला एक अलग पहचान बनाएगा। कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र मानिकपुरी, तुलेन्द्र सागर व शैलेन्द्र नायक ने संयुक्त रूप से किया। आभार प्रदर्शन अमी रूफ़स जिला आयुक्त गाइड ने किया। जिला संघ की ओर से राज्य मुख्य आयुक्त को स्मृतिचिन्ह व पौधा भेंट किया गया। 

द्वितीय सत्र में सांसद रूपकुमारी चौधरी के मुख्य आतिथ्य एवं योगेश्वर राजू सिन्हा विधायक की अध्यक्षता, जिला स्काउट गाइड के सरंक्षक द्वय के साथ राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष दाऊ लाल चन्द्राकर व पारस चोपड़ा एवं समस्त ब्लॉक पदाधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति में जिला संघ के पदाधिकारी येत राम साहू जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष जय पवार, अशोक अग्रवाल, आनन्द साहू, एस चन्द्रसेन, धर्मशीला दास, सुधा साहू को स्काउट झंडा, स्काउट मोटो के साथ तैयार किया। सांसद श्रीमती चौधरी ने स्काउट की प्रतिज्ञा के साथ सभी को शपथ दिलाई। 

इस दौरान महासमुंद स्थानीय संघ के ब्लॉक अध्यक्ष कौशलेन्द्र वैष्णव, उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, मनीष शर्मा, नितेश श्रीवास्तव, तारा चन्द्राकर, शुभ्रा शर्मा, सीता डोंडेकर को भी स्काउट की प्रतिज्ञा के साथ बधाई व शुभकामनाएं दी गई। इसी क्रम में जिला के वरिष्ठ स्काउटर द्वय प्रमोद कन्नौजे एवं शैलेन्द्र नायक को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होने पर जिला संघ की ओर से शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को जिला संघ की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। 

अतिथि द्वय ने सभी स्काउटर गाइडर को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप सभी बच्चों के भविष्य निर्माता हैं। इसके साथ स्काउट गाइड के माध्यम से अनगढ़ बच्चों को सुघड़ बनाते हैं। ऐसे ही आप सभी से अपेक्षा है जिला के विद्यार्थियों को राज्यपाल और राष्ट्रपति पुरस्कार के लिये तैयार करेंगे। एक सुयोग्य नागरिक बनाने में लगे हैं। आप सभी बधाई के पात्र हैं। सभी विकास खण्ड व जिला मिलकर स्कॉउटिंग को बेहतर बनाये जिससे जिला का नाम हो। इस अवसर पर महासमुंद जिले के सभी विकासखंडों से स्काउटर गाइडर उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट