महासमुन्द

अवैध माइनिंग उत्खनन पर एसडीएम करें कार्रवाई
16-Oct-2024 2:49 PM
अवैध माइनिंग उत्खनन पर एसडीएम करें कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,16अक्टूबर। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार की सुबह 10 बजे जिले में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की वृहद समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में कोई भी अप्रिय स्थिति निर्मित न होने पाए इसके लिए सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरतें। आने वाले त्योहारी सीजन में सभी थानों में शांति समिति की बैठक आहूत की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित परिस्थिति के लिए अलर्ट रहें। साथ ही कहा कि कार्यक्रमों के आयोजन में गरिमा का ध्यान रखते हुए अश्लील और फुहड़ता से दूर रहे। नागरिकों और प्रशासन के बीच आपसी विश्वास का रिश्ता मजबूत रहें।  उन्होंने कहा कि जिले में अवैध माइनिंग उत्खनन भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी नियमानुसार कार्रवाई करें। निरीक्षण के लिए अनुविभाग स्तर पर टास्क फोर्स गठन करने के भी निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि मजिस्ट्रियल ड्यूटी के दौरान अधिकारी फील्ड में स्वयं उपस्थित रहकर निगरानी करें। उन्होंने कहा कि आबकारी और  पुलिस की टीम हाईवे ढाबा पर नियमित पेट्रोलिंग करते रहें। ढाबों या दुकानों में शराब की अवैध बिक्री पर कड़ी कार्रवाई करें।

श्री लंगेह ने कहा कि त्यौहारी सीजन में मिठाई दुकानों में भी सैम्पल लेकर मिलावट या मापदंड के अनुरूप नहीं पाए जाने पर कार्रवाई करते रहें। कलेक्टर ने कहा कि पटाखा दुकानों के लिए ऐसी जगह पर दुकान खोलने की अनुमति दी जाए जहां सुरक्षा के मानकों का पालन किया जा सके। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को विशेष रूप लिए निर्देश दिए। बैठक में अकलेक्टर रवि कुमार साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय एवं सभी अनुविभागीय अधिकारी खनिज एवं आबकारी विभाग मौजूद थे।


अन्य पोस्ट