महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 अक्टूबर। जूनियर राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी रह चुके महासमुंद जिले के डुडूमचुंवा निवासी खगेश्वर राठिया की कबड्डी खेलते समय हार्ट अटैक से मौत हो गई। निधन की सूचना मिलते ही अंचल में शोक की लहर फैल गई। दुर्घटना की सूचना मिली, तब हर किसी के आंखों में आंसू आ गए। गमगीन माहौल में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके निधन को खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
उल्लेखनीय है कि 13 अक्टूबर रविवार को तोरेसिंहाम टीम से भूकेल में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार जीतने के बाद उसी दिन खगेश्वर राठिया ओडिशा के नुवापड़ा जिले से लगे सराबोड गांव के कबड्डी प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबला व हाथीसरा विरुद्ध पोटापारा, बसना का मैच चल रहा था। जिसमें मात्र 3 मिनट खेल शेष था, उसी समय रेड के लिए खिलाड़ी खगेश्वर राठिया गया हुआ था। सफलता पूर्वक एक प्वाइंट भी हासिल किया। उसी समय हार्ट अटैक आया और मैदान पर गिर गया। कुछ समय पश्चात जिला अस्पताल नुआपड़ा पहुंचाया गया। इस दौरान उसकी मौत हो गई।
निधन की सूचना मिलते ही गांव सहित अंचल में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में कोहराम मच गया। राष्ट्रीय जूनियर स्तर पर कबड्डी के खिल्लाड़ी रह चुके खगेश्वर राठिया ने अपनी शानदार प्रतिभा के बल पर गांव व फुलझर अंचल का गौरव बढ़ाया था। कबड्डी के होनहार युवा खिलाड़ी के रूप में अंचल में उन्हें हर कोई जानता था।
सोमवार की सुबह उनकी निधन की खबर मिली तो उनके परिवार सदमें में आ गए, वहीं उनके दोस्त और कबड्डी के खिलाडिय़ों में भी शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार में उनके परिजन, फूलझर के कबड्डी खिलाड़ी, उनके दोस्त, बड़ी संख्या में ग्रामीण, आसपास के वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए।