महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 अक्टूूबर। दीपावली के चलते शहर के गली-मोहल्लों में इस बार सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर निर्धारित मात्रा से अधिक और भारी मात्रा में बारूद संग्रहित किया गया है। हालात यह है कि इन गलियों में कहीं कोई हादसा हुआ तो दमकल का पहुंचना मुश्किल होगा। इसके अलावा पटाखा व्यापारियों द्वारा भी सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। घनी आबादी वाले इलाकों में थोक विक्रेताओं द्वारा पटाखा का स्टॉक कर लिया गया है। साथ ही बड़े-बड़े पोस्टर के जरिए प्रचार भी किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। शहर के नागरिक इसे विक्रेताओं द्वारा विस्फोटक सामग्री अधिनियम के मानकों का खुलेआम उल्लंघन कह रहे हैं।
नागरिकों का कहना है कि नियमानुसार पटाखा दुकानों का संचालन रिहायशी इलाकों व घनी बसाहट वाले क्षेत्रों में नहीं होना चाहिए। इन नियमों को ताक पर रखकर मनमाने तरीके से पटाखा दुकानों के संचालन की अनुमति दे दी गई है। पटाखा दुकान व गोदाम खोलने के लिए भारतीय विस्फोटक अधिनियम के तहत दुकान व गोदाम एक मंजिल पर होना चाहिए। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के साथ सुरक्षित इलाकों में ही विस्फोटक पदार्थों का कारोबार करने की अनुमति दी जाती है। पटाखा दुकानों के आसपास नागरिकों की मानें तो प्रशासन द्वारा हर साल ऐसे मामलों में कार्रवाई की खानापूर्ति की जाती है। व्यापारी भी इसलिए निश्चिंत रहते हैं। आसपास रहने वाले लोगो के लिए हमेशा खतरा मंडरा रहा है।
जानकारी के मुताबकि अभी सामने दीपावली है। नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव भी सामने हैं। इसके चलते विक्रेताओं द्वारा अन्य वर्षों के मुकाबले पटाखों का दोगुना स्टॉक रखा गया है। शहर के गंजपारा, स्टेशन रोड, महावीर कॉलोनी सहित गोल बाजार स्वामी चौक में इन दिनों थोक पटाखा दुकानें खुल चुकी है। घनी बसाहट, तंग गलियों में पटाखों की दुकानें चल रही है। रिहायशी इलाकों में खुली इन दुकानों पर एक बार भी कार्रवाई नहीं हुई।
गौरतलब है कि भारत सरकार के विस्फोटक अधिनियम 1984 और विस्फोटक विनियम 2008 के अध्याय सात में आतिशबाजी की स्थायी व अस्थायी दुकानों के लिए नियम हैं। होलसेल लाइसेंस धारक इनका पालन करने के लिए बाध्य हैं। भले ही उन्होंने स्थायी या अस्थायी लाइसेंस लिया है। नियम 83 के अनुसार पटाखा बिक्री की स्थायी दुकान कांक्रीट से बनी हुई हो। आकार नौ वर्गमीटर से ज्यादा और 25 वर्गमीटर से कम होनी चाहिए। दुकान में कोई बिजली उपकरण, लैंप, बैटरी या चिंगारी पैदा करने वाला सामान नहीं होना चाहिए। जगह ऐसी हो, जहां अग्निशमन वाहन तत्काल पहुंच सके। जानकारी के अनुसार शहर के अधिकांश पटाखा दुकानदार पटना से पटाखा लाकर यहां बेचते हैं। वहीं कुछ दुकानदार शिवकाशी से पटाखा मंगाते हैं। पटाखा दुकानों में सुरक्षा के मानकों की जांच समय.समय नही होता।
तेज आवाज वाले पटाखों की भी खुलेआम बिक्री हो रही है। मानक मात्रा से ज्यादा डेसिबल की आवाज वाले पटाखों की बिक्री भी खूब होती है। चिकित्सकों के अनुसार अस्थमा पीडि़त को प्रदूषण से अस्थमा का अटैक आ सकता है और छोटे बच्चों की सुनने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।
श्रीधर पांडेय तहसीलदार, महासमुंद का कहना है कि समय समय पर नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है। जांच के दौरान यदि बड़ी मात्रा में पटाखे मिले तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।