महासमुन्द

24 घंटे में मौसम तीन बार बदल रहा, मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़े
10-Oct-2024 2:41 PM
24 घंटे में मौसम तीन बार बदल रहा,  मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,10 अक्टूबर। जिले के निवासी इस वक्त 24 घंटे में 3 तरह के मौसम का सामना कर रहे हैं। डॉक्टर इसे भी लोगों के बीमार पडऩे का एक कारण मान रहे हैं। इन दिनों शहर समेत अंचल में वायरल बुखार,सर्दी-खांसी, सिरदर्द, बदन दर्द और उल्टी दस्त की शिकायतें काफी ज्यादा हैं।

महासमुंद जिला अस्पताल की ओपीडी इसी वजह से इन दिनों 650 तक जा पहुंची है। बीते 2 दिन में जिले में 38.2 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई। लगभग माह भर से अंचल में रोजाना मौसम का उतार-चढ़ाव बना हुआ है। कभी बारिश तो तत्काल बाद तेज धूप और भीषण उमस और बीते कुछ दिनों से देर रात से अल सुबह तक हल्की ठंड की वजह से तापमान में भी बार-बार उतार-चढ़ाव के चलते अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ी है। तेज उमस के कारण दिन-रात एसी व पंखे भी चल रहे हैं।

डॉक्टरोंं के मुताबिक छग में अमूमन 1 जून से 30 सितम्बर तक वर्षाकाल होता है। अभी अक्टूबर के 10 दिन बीत गये। लेकिन रोजाना शाम को तेज बारिश जिला मुख्यालय व आसपास हो रही है। जिले में अभी तक ठंड शुरू नहीं हो पायी है। मौसम के इसी उतार चढ़ाव के चलते बीमारों की तादात बढ़ गई है। रोजाना शाम को तेज आंधी-तूफान और बादलों के तेज गर्जना के साथ हो रही मूसलाधार बारिश के बाद घंटों बिजली गुल हो रही है।

जिला मुख्यालय के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली गुल की ऐसी ही शिकायतें हैं। मंगलवार को बारिश के दौरान कई सब स्टेशनों में आई खराबी से घंटों बिजली गुल रही। आधा दर्जन से अधिक जगहों पर बिजली तार के टूटने एवं ट्रांसफार्मर खराब होने से भी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे लोग गर्मी और उमस से परेशान होते रहे। आधी रात को फिर गरज.चमक के साथ हुई बारिश से जिला मुख्यालय के समीपस्थ गांव बम्हनी, बरोंडाबाजार, मचेवा, बेमचा, लाफिन, चिंगरौद सहित करीब दर्जन भर गांव रात को अंधेरे में डूबे रहे। बिजली गुल रहने से सुबह और शाम को नल व ट्यूबवेल नहीं चल पाया। इसके चलते लोगों को पीने के पानी के लिए भी भटकना पड़ा।

जिला अस्पताल अधीक्षक डा. बसंत माहेश्वरी ने बताया कि बार-बार मौसम बदलने से मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़े हैं। वायरल फीवर के मरीज सबसे ज्यादा पहुंच रहे हैं।

 साथ ही बदन दर्द, सिर दर्द, सर्दी-खांसी और डायरिया के मरीज भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। इस वजह से जिला अस्पताल की ओपीडी 650 तक जा पहुंची है।


अन्य पोस्ट