महासमुन्द

सहकारी समिति रिकोकला में भूंसा, रंग, सुतली, तिरपाल खरीदी के नाम पर लाखों के घोटाला की शिकायत
30-Sep-2024 4:24 PM
सहकारी समिति रिकोकला में भूंसा, रंग, सुतली, तिरपाल खरीदी के नाम पर लाखों के घोटाला की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

महासमुंद, 30 सितंबर। जिले के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा बया के अधीनस्थ सहकारी समिति रिकोकला में भूंसा, रंग, सुतली, तिरपाल खरीदी के नाम पर लाखों का घोटाला करने की शिकायत रिकोकला के पूर्व समिति अध्यक्ष किशोर साहू ने उप पंजीयक जिलाधीश बलौदाबाजार, संयुक्त पंजीयक रायपुर,सीईओ जिला सहकारी बैंक रायपुर से की है।

किशोर साहूू का आरोप है कि उनकी शिकायत पर दस बिंदुओं में जांच की गई है जिसमें समिति प्रबंधक चेतन डड़सेना को बचाने का प्रयास किया गया है। समिति के पूर्व अध्यक्ष किशोर साहू ने आरोप लगाया है कि समिति प्रबंधक द्वारा पूर्व में धान खरीदी में बगैर बिल राशि आहरण किया गया। जांचकर्ताओं ने दोषी समिति प्रबंधक को बिल प्रस्तुत करने के लिये एक सप्ताह का समय दिया है जो कि अनुचित है। पूर्व अध्यक्ष किशोर साहू ने बताया कि अगर सही तरीके से जांच कर दोषी समिति प्रबंधक पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वे उप पंजीयक कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठेंगे।

किशोर के मुताबिक पूर्व में जांच के दौरान बैंक द्वारा समिति प्रभारी के पत्नी के खाते को फ्रिज किया गया था। व्यवस्थापक पर हमाली व अन्य खर्च संबंधितों की बजाय कृषि साख सहकारी समिति पंजीयन क्रमांक 198 के प्रभारी समिति प्रबंधक पर फिक्स डिपॉजिट को तोडक़र नियम विरुद्ध तरीके से राशि का आहरण किया गया है। जो किसानों से ऋण लेते समय अमानत राशि के तौर पर ली जाती है और समिति के खाते में जमा की जाती है, उस अमानत राशि को निकालना यानि समिति को घाटे में डालना माना जाता है। राशि आहरण के लिए कोई ठोस वजह न हो तब तक राशि आहरण नहीं की जा सकती।

इस मामले में जिला सहकारी बैंक बया के शाखा प्रबंधक श्री नायक ने बताया कि किशोर साहू की शिकायत पर जिले से जांच अधिकारी आये थे। रिकोकला सहकारी समिति के प्रबंधक को भी जांच हेतु बुलाया गया था। क्या कार्यवाई हुई मुझे नहीं मालूम। जबकि किशोर साहू का कहना है कि सहकारिता विभाग के उप पंजीयक द्वारा समिति प्रभारी को हर साल करीब दो से तीन लाख रुपए की प्रोटीन दवा बेचे जाने का टारगेट दियाजाता है। जिसमें समिति प्रबंधकों को 50 प्रतिशत कमीशन दिया जाता है। उनका आरोप है कि जिले के हर समिति प्रबंधक उप पंजीयक के निर्देश पर प्रोटीन बेच रहे हैं।

 जिससे उप पंजीयक के रहते वास्तविक जांच संभव नहीं है और मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया जा रहा है। 


अन्य पोस्ट