महासमुन्द

काव्य संग्रह ‘आजकल’ संभावनाओं की दिशा तलाशता है-पौराणिक
30-Sep-2024 4:21 PM
 काव्य संग्रह ‘आजकल’ संभावनाओं  की दिशा तलाशता है-पौराणिक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 सितंबर।
काव्यांश साहित्य और कला पथक महासमुंद के बैनर तले पोषण कुमार साहू की प्रथम कविता संग्रह आजकल का रविवार की शाम जिले के वरिष्ठ और नामचीन साहित्यकारों ने विमोचन किया। 

जानकारी अनुसार श्री साहू की कविता संग्रह को पुन: प्रकाशित किया गया है। इस संग्रह आजकल में महिलाओं की संघर्ष और कहानी को बखूबी उकेरा गया है। कविता संग्रह में कुल 25 कविताएं हैं।  प्रसिद्ध साहित्यकार और प्राचार्य डॉ. अनुसूईया अग्रवाल डी लिट ने इसमें अपना अभिमत व्यक्त किया है। 

उन्होंने अपने अभिमत में कहा है कि  पोषण कुमार साहू के आजकल नामक काव्य संग्रह की पांडुलिपि मैंने पढ़ी, बड़ी खुशी हुई। यह आपकी प्रथम कृति है। आप छत्तीसगढ़ के तरुण साहित्यकार हैं किंतु आपके संकलन की रचनाओं और विचारों में प्रौढ़ता है।

वरिष्ठ साहित्यकार आनंद तिवारी पौराणिक ने कविता संग्रह पर अपने विचार व्यक्त करते हुए लिखा है कि संभावनाओं की दिशा तलाशता काव्य संग्रह आजकल है। जिले के ख्यातिनाम साहित््यकारों ने उनकी इस कृति पर कहा है कि वास्तव में कवि अहिंसात्मक अस्त्र धारण करते हुये समाज को सुधार सकता है। संकलन की प्रथम रचना में ही अकेले लड़ाई लडऩे को दृढ़ संकल्पित कवि अंतिम रचना तक पहुंचकर भी अकेले ही युद्धरत रहकर विजय घोष करता है। यद्यपि बीच में आजकल कभी-कभी जैसी रचनाओं में कवि का मनोबल टूटता हुआ सा प्रतीत होता है किंतु ख्वाब, सडक़, मजदूर, बंद, देखा मैंने, जैसी रचनाएं बेहतर के लिये संकल्परत् कवि के मन के विश्वास दीप को जलाये रखती है। संकलन की रचनाओं में विविधता है और लगभग सभी रचनाएं भाव संप्रेषण में सफल है। नारी प्रगति के भी कवि पक्षधर हैं। 

उस पर भी उन्होंने अपनी लेखनी चलाई है। 
प्राचार्य डॉ. अनुसूईया अग्रवाल का कहना है कि नि:संदेह यह प्रथम कृति स्वागतेय है और प्रशंसनीय भी। ईश्वर करें आपकी यह प्रथम कृति आपको उज्जवल यशस्विता की अधिकारिणी बनाये।
 
विमोचन अवसर पर काव्यांश के सदस्य और साहित्यकार मौजूद थे। उन्होंने आजकल पर अपने विचार व्यक्त किये। विमोचन समारोह के मुख्य अतिथि धन्यजय नेताम संयुक्त कलेक्टर ने अपने उद्बोधन में कहा कि कवि पोषण की कविता पढक़र ऐसा लगता है कि वे संघर्ष से नवनिर्माण करना चाहते हैं। वक्त बदल रहा है साथी कविता ने वर्तमान हालत को बयां किया है। काव्यांश एक ऐसा मंच है जहां नवोदित साहित्यकारों को उचित स्थान और सम्मान मिलता है। उन्होंने इस कृति के लिए कवि पोषण को बधाई दी है।

इस अवसर पर वारिष्ठ साहित्यकार प्रलय थिटे ने कहा कि कवि कुमार पोषण की कविताओं में एक बड़ा सन्देश है। वे समाज के सर्वहारा लोगों के साथ हैं, और उनके साथ चलकर समाज को बदलना चाहते हैं। उनकी कविता युद्ध जायज है दिल को छू गया। इस अवसर पर डॉ. साधना कसार, एस चंद्रसेन, अशोक शर्मा, काव्यांश के अध्यक्ष भागवत जगत भूमिल, महासचिव जयराम पटेल पथिक, कोषाध्यक्ष डी बसंत साव साहिल, उमेश गोस्वामी, पुष्पलता भार्गव, सुनंदा, टेकराम सेन सहित अन्य साहित्यकारों ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर साहित्यकारों द्वारा कविता पाठ भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन पुष्पलता भार्गव सुनंदा ने किया। ज्ञात है कि पोषण कुमार साहू वर्तमान में जनसंपर्क विभाग महासमुंद में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ हंै। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार उत्तरा विदानी, युवा साहित्यकार, साहित्य प्रेमी काफी तादात में मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट