महासमुन्द

कंडक्टर बस से गिरा, हाथ कटा
30-Sep-2024 4:16 PM
कंडक्टर बस से  गिरा, हाथ कटा

महासमुंद, 30 सितंबर। जिले के बसना से बिलाईगढ़ रोड पर ग्राम पथरला के पास बस से गिरने से परिचालक का हाथ चक्के के नीचे आ गया। जिससे हाथ शरीर से कटकर अलग हो गया। मामले में बस चालक के खिलाफ  लापरवाही पूर्वक ब्रेक लगाने के आरोप में बसना थाने में मामला दर्ज किया गया है। 

महेन्द्र कुमार संत ग्राम सिवनी, मरवाही सिंग बस सर्विस बिलासपुर के एक बस में बस परिचालक का कार्य करता है। बीते 5 अगस्त को उक्त बस फैजाबाद से बसना लौट रही थी। बसना पहुंचने के 15 किमी पहले सुबह करीब 10.30 बजे महेंद्र बस के दरवाजे के पास परिचालक सीट पर बैठा था। चालक बस को तेजी एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए तेज गति से ब्रेक लगा दिया। जिसके कारण महेन्द्र झटका खाकर बस के नीचे गिर गया।

इससे महेन्द्र का बायां हाथ बस के अगले चक्के के नीचे आ गया और महेन्द्र का बायां हाथ शरीर से अलग हो गया। दुर्घटना के बाद महेन्द्र को बसना के अस्पताल में ले जाकर प्रारंभिक उपचार कराया गया। बाद में उसी दिन महेन्द्र को एम्बुलेंस से मेकाहारा अस्पताल रायपुर ले जाकर भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज 5 से 12 अगस्त तक चला। 
इलाज के कारण महेन्द्र को उक्त शिकायत करने में विलंब हुआ। 

मामले की शिकायत के बाद 29 सितंबर को पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ 125, 125 बी, 281.बीएनएस के तहत अपराध कायम किया है।


अन्य पोस्ट