महासमुन्द
फोरेंसिक साइंस में ऐसे साक्ष्य जो खुले आंखों से दिखाई नहीं देती, उन पर काम होता है-डॉ. लवकेश सिंह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,30 सितंबर। महासमुंद जिला पुलिस को भी अब किसी भी प्रकार की क्रिमिनल घटनाओं की बारिकी से जांच के लिये राजधानी पर आश्रित नहीं रहना पड़ता। चूंकि शासन ने महासमुंद जिले में भी एक फोरेंसिक एक्सपर्ट की तैनाती कर दी है। अत: महासमुंद के फोरेंसिक वैज्ञानिक डा. लवकेश सिंह तंवर महासमुंद में क्रिमनिल वारदातों पर जांच जारी रखे हुए हैं। उन्हें महासमुंद के साथ-साथ गरियाबंद जिले की भी जिम्मेदारी दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार लोहानी बिल्डिंग के भीतर कक्ष में हत्या कर दफ नाने, कोमाखान में 2 पृथक-पृथक हत्या के बाद रेत में शव दफ नाने, महानदी में 3 युवकों के कूद कर मौत तथा अनेक अनसुलझी हत्या, आगजनी से मौत सहित क्रिमिनल केस के बढ़ते ग्राफ को देखते हुये शासन ने यहां फोरेंसिक एक्सपर्ट की सुविधा दी हैं।
गौरतलब है कि अब तक किसी जघन्य घटना के के बाद पुलिस अफसरों को राजधानी की फ ोरेंसिक लैब से एक्सपर्ट की टीम बुलानी पड़ती थी। अनेक बार यह भी हो जाता था कि एक्सपर्ट कहीं और व्यस्त होने पर संबंधित केस के साक्ष्य मिटने शुरू हो जाते थे। जिससे केस की सही स्टडी करने में पुलिस को काफी मशक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब फोरेंसिक वैज्ञानिक गंभीर क्राइम में फोरेंसिक जांच की भूमिका तैयार करेंगे।
मिली जानकारी अनुसार फोरेंसिक जांच की कार्रवाई में लिए गये नमूनों का विश्लेषण किया जाता है। पोस्टमॉर्टम होने के बाद विसरा जैसे कुछ नमूने संभाल कर रखे जाते हैं। इन नमूनों का विश्लेषण अलग से होता है। इसी के आधार पर कारवाई होती है। जैसे जहर दिए जाने की वारदात हुई है तो इसमें सामान रखने के कंटेनर्स को भी लिया जाता है। पीडि़त से गैस्ट्रिक लावास नाम का एक नमूना लिया जाता है और इन सभी का रासायनिक विश्लेषण किया जाता है। भोजन में कीटनाशक मिले होने का शक हो, तो फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी वाले रासायनिक विश्लेषण करते हैं तो वे वैसे जहर की जांच करते हैं जिसके बारे में आमतौर पर जानकारी नहीं होती है। इनसे जुड़ी एक पूरी सूची होती है।
फोरेंसिक वैज्ञानिक डा.लवकेश सिंह तंवर के मुताबिक नये कानून के तहत एफएसएल की टीम को घटना स्थल तक पहुंचना तथा सेंपल लेकर उसे लैब तक पहुंचाना आवश्यक है। यदि विलंब हो तो साक्ष्य के मिटने के चांसेज बढ़ जाते हैं। फोरेंसिक साइंस में ऐसे साक्ष्य जो खुले आखों से दिखाई नहीं देती, उन साक्ष्यों पर काम होता है। सेंपल को सही तरीके से लैब तक पहुंचाना बड़ी चुनौती रहती है। फलस्वरूप सभी जिलों में एफएसएल की टीम तैनात की गई है। उन्होंने कहा कि महासमुंद जिले में बीते 26 जुलाई 2024 से पदस्थापना के बाद से हमने 5 बड़े अपराधों पर काम किया है।
फोरेंसिक साइंस रिपोर्ट लैबोरेटरी में बनती है। रिपोर्ट को सीधे अदालत में जिन मामलों में पोस्टमॉर्टम किया गया था, उसमें इस रिपोर्ट को मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी को दी जाती है। पुलिस अधिकारी इस रिपोर्ट की एक प्रति डॉक्टर के पास भेजकर पूछेगा कि आखिरकार मौत किस वजह से हुई? वह डॉक्टर फिर रिपोर्ट देख कर इसका जवाब बताएगा।
जिन मामलों में पोस्टमॉर्टम नहीं किया गया था वह रिपोर्ट भी जांच कर रहे अधिकारी के माध्यम से अदालत में जाएगी। रिपोर्ट को सीधे अदालत में नहीं भेजा जा सकता।