महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 सितंबर। विशाखापट्नम से दुर्ग वंदे भारत ट्रेन में बागबाहरा और खरियार रोड के बीच एक बार फिर पथराव की खबर है। हाल ही में 19 दिन पहले यह ट्रेन चालू हुई है।
जानकारी के अनुसार इस ट्रेन में शनिवार रात फिर से पथराव किया गया है। यह पथराव ट्रेन के कोच नंबर 34.-35 की खिडक़ी पर हुआ है। उस समय रात के करीब साढ़े नौ बज रहे थे और ट्रेन खरियार रोड स्टेशन पहुंच रही थी। तभी अज्ञात गुंडा तत्वों ने इसमें ताबड़तोड़ पथराव किया।
रेल अधिकारियों के मुताबिक इलाके में अंधेरा होने और रनिंग पोजीशन में होने से इन्हें देखा नहीं जा सका। गुंडा तत्वों ने स्टेशन यार्ड के बाहर का इलाका चुना, ताकि पहचाना न जा सके। इसमें इकॉनामिक कोच ई-2 की सीट नंबर 34-35 की खिडक़ी टूट गई है। ईकॉनामिक कोच की सीटें घुमावदार रिवाल्विंग होती है।
ईस्ट कोस्ट रेल मंडल के इस सेक्शन में यह दूसरी बार पथराव किया गया है। इससे पहले ट्रेन के ट्रायल रन के दौरान 13 सितंबर को पथराव किया गया था। इस मामले में बागबाहरा के 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जो जमानत पर रिहा हो गए थे।