महासमुन्द

नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव को लेकर संगठन की मजबूती परखने जांगिड़ का पहला महासमुंद प्रवास, वन-टू-वन चर्चा
23-Sep-2024 2:44 PM
नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव को लेकर संगठन की मजबूती परखने जांगिड़ का पहला महासमुंद प्रवास, वन-टू-वन चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 सितंबर।
एआईसीसी के सहसचिव और छग कांग्रेस के सहप्रभारी विजय जांगिड़ ने कल महासमुंद सर्किट हाउस में प्रमुख कांग्रेसजनों से बंद कमरे में वन टू वन चर्चा कर जिला कांग्रेस संगठन में चल रहे कामकाज की जानकारी ली। इस दौरान प्रमुख कांग्रेसजनों ने जिलाध्यक्ष पद को लेकर उनके समक्ष दावेदारी पेश की। श्री जांगिड़ के प्रवास को 2 माह बाद होने वाले नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के लिए कांग्रेस की तैयारी से जोडक़र देखा जा रहा है। 

इसके पूर्व दोपहर में करीब 12 बजे यहां पहुंचने पर कांग्रेस भवन में उनका जोशीला स्वागत किया गया। तदुपरांत जिले भर से आए प्रमुख कांग्रेसजनों की बैठक को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और 2 माह बाद होने वाले नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव की तैयारी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले के पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर जाकर काम करना चाहिए। नगरीय व पंचायत चुनाव में जीत के लिए उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। 

संगठन पर चर्चा के साथ-साथ अनेक प्रमुख नेताओं ने जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारी ठोकी। पिथौरा से नगर पंचायत अध्यक्ष आत्माराम यादव, जनपद उपाध्यक्ष मुकेश यादव, करण दीवान, नरेंद्र सेन और पार्षदों ने बागबाहरा के ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ठाकुर मूंगू का नाम जिलाध्यक्ष पद के योग्य बताया। गणेश शर्मा के साथ बागबाहरा से गए कांग्रेसजनों के प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि इस बार जिलाध्यक्ष का पद बागबाहरा के हिस्से आए। 

ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र ठाकुर ने स्वयं भी अकेले जांगिड़ से भेंट कर अपनी दावेदारी जिलाध्यक्ष पद के लिए पेश की। श्री ठाकुर खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के करीबी हैं। इसलिए श्री यादव ने श्री ठाकुर के लिए लाबिंग की। इनके अलावा खल्लारी के वरिष्ठ नेता व पर्यटन मंडल के पूर्व सदस्य अंकित बागबाहरा ने भी जिलाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी दस्तावेज और बायोडाटा के साथ पेश की। पूर्व जिलाध्यक्ष मोहित ध्रुव ने भी उनके समक्ष दावेदारी पेश करते हुए आदिवासी बहुल क्षेत्रों में कांग्रेस की स्थिति पर श्री जांगिड़ से चर्चा की।

बाद में श्री जांगिड़ सर्किट हाउस पहुंचे। वहां उन्होंने प्रमुख और मिलने के इच्छुक नेताओं से बंद कमरे में चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक श्री जांगिड़ ने संगठन को मजबूत करने के लिए सुझाव मांगे और नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव जीतने के लिए संगठन की भूमिका, संगठन को मजबूत करने के लिए क्या-क्या किया जा सकता है,् संगठन में फेरबदल, बीते चुनाव में क्या स्थिति रही, आदि विषयों पर बात की। अनेक नेताओं ने अकेले उनसे बात की। जबकि कुछ नेताओं ने अपने समूह के साथ उनसे भेंट की। सूत्रों के मुताबिक निकट भविष्य में चुनाव और संगठन में फेरबदल की चर्चाओं के बीच अनेक नेताओं ने छग सहप्रभारी के समक्ष बंद कमरे में जिलाध्यक्ष के पद के लिए दावेदारी ठोकी। पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, रवि निषाद, नपाध्यक्ष राशि महिलांग, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, सरपंच संघ अध्यक्ष विरेंद्र चंद्राकर,नपा उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर, युकां नेता निखिलकांत साहू के अलावा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों से श्री जांगिड़ मिले। इस अवसर पर  सरायपाली विधायक चातुरी नंद, पूर्व विधायक महासमुंद विनोद चंद्राकर, दिनेश यदु, पंकज मिश्रा, जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर,अमरजीत चावला, नरेंद्र सेन, केशव चंद्राकर, सुनील शर्मा, खिलावन बघेल, खिलावन साहू भी मौजूद थे। 


अन्य पोस्ट