महासमुन्द

पथराव के बाद पुलिस गश्त बढ़ी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 सितंबर। बागबाहरा में वंदेभारत ट्रेन में 13 सितंबर की रात हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद से आरपीएफ सहित पुलिस प्रशासन अलर्ट है। शनिवार शाम यहां थाने में आरपीएफ के अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की व्यवस्था संबंधी विषय पर एक बैठक भी हुई और देर शाम जिस प्वाइंट से ट्रेन में पत्थरबाजी हुई थी, उस स्थान सहित आसपास बैठे लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मालूम हो कि इस घटना ने बागबाहरा स्टेशन की उक्त स्थिति पर उच्चाधिकारियों का ध्यान बरबस आकर्षित कर दिया है। जिसके चलते ऐसा माना जा रहा है कि रेल व पुलिस प्रशासन आगे भी इस ओर कड़ाई का रुख अख्तियार करेगा।
डीएसपी यूलैण्डन यार्क ने बताया कि पुलिस सहित आरपीएफ ने आज प्रारंभ होने वाली वंदे भारत ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था पर वर्किंग शुरु कर दी है। प्लेट फार्म, सटेशन के आसपास रेलवे ट्रेक पर रेलवे क्रॉसिंग प्वाईंट आदि में पेट्रोलिंग आदि के स्थानों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बहरहाल स्टेशन सहित आसपास में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों, नशेखोरों का डेरा बसेरा पर पुलसि की नजर है।
उन्होंने बताया कि कल प्रतिबंधात्मक धारा 170,126,135-3 के तहत 9 लोगों पर कार्रवाई की गई है। इसी कड़ी में कल पुलिस ने रेल्वे स्टेशन के आसपास गश्त भी की, जो आगे भी जारी रहना माना जा रहा है। वन्दे भारत ट्रेन के ट्रायल ट्री में हुए पत्थरबाजी की घटना को गंभीरता से लेते हुए ओडि़शा से आए आरपीएफ के डीएसपी एवं स्थानीय पुलिस डीएसपी सहित दोनों विभाग के महासमुंद एवं बागबाहरा थाना प्रभारियों की संयुक्त बैठक हुयी थी।
बताया जाता है कि बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर विभिन्न कोणों से चर्चा हुई। इसके बाद स्थानीय पुलिस शनिवार से ही हरकत में आ गयी थी और कल देर शाम भी 9 लोगों को घटना स्थल से गिरफ्तार किया। इससे असामाजिक तत्त्वों में हडक़ंप मच गया है और पुलिस असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।