महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 सितंबर। महासमुंद में दान पत्र की जमीन की रजिस्ट्री के एवज में 26 हजार रिश्वत लेते उप पंजीयक को एसीबी की टीम ने रंगे हाथ पकड़ा है। आरोप है कि महिला उप पंजीयक ने पीडि़त से 35 हजार रिश्वत मांगी थी। एसीबी महिला उप पंजीयक को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
मिली जानकारी के मुताबिक महासमुंद जिले के सरायपाली ब्लॉक के रजिस्ट्रार ऑफिस में एंटी करप्शन ब्यूरो ने छापा मारा। रजिस्ट्रार ऑफिस की उप पंजीयक पुष्पलता लिली बेग को 26 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
सरायपाली ब्लॉक के ग्राम बड़े पंधी निवासी टीकाराम पटेल ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत की थी कि उन्होंने पांच एकड़ जमीन अपने बेटे भूपेन्द्र पटेल की पत्नी को दान में दिया था। जिसकी रजिस्ट्री कराने रजिस्ट्रार ऑफिस आया तो दान रजिस्ट्री के लिए 11 हजार रुपए का शुल्क लगना बताया गया।
इसके अलावा उप पंजीयक पुष्पलता लिली बेग रजिस्ट्री शुल्क के अतिरिक्त 35 हजार रुपए की मांग करने लगी। इतनी राशि दे पाने में असमर्थता जाहिर कर दी। कई बार मिन्नते करने के बाद रजिस्ट्री शुल्क और रिश्वत मिलाकर 26 हजार में सौदा तय हुआ।
इसकी शिकायत पीडि़त टीकाराम पटेल ने एंटी करप्शन ब्यूरो में कर दी। एसीबी टीम ने सच्चाई जानने के लिए सौदेबाजी की रिकॉर्डिंग सुनी। इसके बाद बुधवार को करीब साढ़े 3 बजे भूपेन्द्र 26 हजार रुपए लेकर उप पंजीयक कार्यालय पहुंचा। पाउडर लगे रकम उप पंजीयक पुष्पलता लिली बेग को देते ही एंटी करप्शन की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन के एएसपी सी डी तिर्की का कहना है कि, उप पंजीयक पुष्पलता लिली बेग की लंबे समय से शिकायत मिल रही थी। इसके बाद पुख्ता सबूत मिलने के बाद गिरफ्तार किया गया। आगे पूछताछ कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।