महासमुन्द

चौक-चौराहों सहित श्रद्धालुओं के घरों में विराजमान गणपति
07-Sep-2024 4:29 PM
चौक-चौराहों सहित श्रद्धालुओं के घरों में विराजमान गणपति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 सितंबर। आज भाद्रपद की चतुर्थी से गणपति बप्पा शहर के चौक चौराहों सहित श्रध्दालुओं के घरों में विराजमान हो रहे हैं। आज से 11 दिनों तक शहर में बच्चे, युवा, बुजुर्ग तथा महिलाएं सभी बप्पा की भक्ति में लीन रहेंगे। अनंत चौदस को बप्पा को लोग बाजे-गाजे के साथ विदा करेंगे। इस बार शहर के हाउसिंग बोर्ड ईडब्ल्यूएस कालोनी, गांधी चौक, तुमगांव चौक, बीटीआई मार्ग, इमली भांठा, नयापारा महामाया चौक सहित प्रत्येक्र मोहल्लों में 5 से 7 सार्वजनिक रूप से बप्पा की बड़ी प्रतिमाएं विराजित की जा रही है। इसेक अलावा शहर के घर घर में बप्पा विराजित हो रहे हैं।

इस बार हाईस्कूल स्थित गणेश बाजार में लोकल सहित बाहर से प्रतिमाएं बिकने के लिए पहुंची है। यहां 151 रुपए से लेकर 30001 रुपए तक प्रतिमाएं बिकने पहुंची हैं। आज सुबह से यहां से कोई बप्पा को गोद में बिठाकर तो कोई स्कूटी या कार से अपने घरों को ले गए।

नगर पंडित पंकज तिवारी के अनुसार गणेश अथर्वशीष में गणपति की स्थापना से पूर्व घरों, मंदिरों की सफाई करके साफ  वस्त्र पहनने, पूजन सामग्री लेकर पूर्व दिशा की ओर मुख कर शुद्ध आसन पर बैठ जाने, अपने घर के उत्तर भाग या पूर्वोत्तर भाग में भी गणेश जी की प्रतिमा रखने, दक्षिण पूर्व में दीपक जलाने, गणेश जी की मूर्ति को किसी लकड़ी के पाटे या गेहूं, मूंग, ज्वार के ऊपर लाल वस्त्र बिछाकर स्थापित करने का प्रावधान है। इसके पश्चात कलश रखें।

गणपति के दाएं- बाएं रिद्धि-सिद्धि को भी स्थापित करें और साथ में एक-एक सुपारी रखें। अपने ऊपर जल छिडक़ते हुए ऊँ पुण्डरीकाक्षाय नम: मंत्र का जाप करें। भगवान गणेश को प्रणाम करें और तीन बार आचमन करें तथा माथे पर तिलक लगाएं। बाद गणेश जी को पंचामृत से स्नान कराएं। उन्हें वस्त्र, जनेऊ, चंदन, दूर्वा, अक्षत, धूप,दीप, शमी पत्ता, पीले पुष्प और फल चढ़ाएं। पूजन आरंभ करें तथा अंत में गणेश जी की आरती करें और मनोकामना पूर्ति के लिए आशीर्वाद मांगे।

मालूम हो कि हिंदू रिवाजों के अनुसार आज भाद्र मास की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि है। आज की रात का चंद्र दर्शन करना वर्जित माना जाता है। भविष्य पुराण और गणेश पुराण में भाद्र शुक्ल चतुर्थी तिथि के बारे में बताया गया है कि इस दिन चांद को देखने से व्यक्ति पर मिथ्या कलंक लगता है।


अन्य पोस्ट