महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 सितंबर। महासमुंद जिले के सरायपाली में गुरुवार की रात सूने मकान का दरवाजा तोड़ कर चोरों ने घर में रखे 5 लाख कैश और सोने-चांदी की ज्वेलरी चोरी कर ली है। मकान मालिक देर रात लौटा तो दरवाजा का ताला टूटा हुआ पाया। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस और साइबर सेल की टीम चोरों की तलाश में जुटी हुई है। बहरहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
सरायपाली थाना क्षेत्र के विनायक विहार कॉलोनी में बीती रात करीब 2 बजे विद्युत विभाग के सहायक अभियंता सुरेश कुमार साहू 38 साल के घर का दरवाजा तोड़ कर चोरों ने अलमारी में रखे 5 लाख कैश और सोना-चांदी के आभूषण चोरी कर ली है। पूरा परिवार तीजा मनाने मायके गए थे। सहायक अभियंता सुरेश कुमार साहू अपने निजी काम से ओडिशा गया हुआ था। रात्रि करीब 3 बजे जब लौटा तो दरवाजा का ताला टूटा हुआ पाया। उन्होंने घर में चोरी की वारदात की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
पुलिस ने सुबह मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। सुरेश कुमार साहू की पत्नी मायके चले जाने के कारण पांच लाख कैश और कुछ आभूषणों के अलावा कितने और आभूषणों की चोरी हुई है, सुरेश कुमार साहू भी पुलिस को नहीं बता पा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को अंदेशा है कि चोरों ने पहले तो मकान सहित आसपास की रेकी की और जब मकान में कोई भी नहीं होने का यकीन हुआ तो देर रात सूने मकान को निशाना बनाया।