महासमुन्द
कहा-मांगें पूरी नहीं हुई तो अनशन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,6 सितंबर। शिक्षक दिवस पर कल छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड व बीएड संघ ने पटवारी कार्यालय के सामने सात सूत्रीय मांगों को लेकर जिला स्तरीय धरना दिया तथा 33 हजार शिक्षकों की भर्ती शीघ्र करने आवाज बुलंद की। बाद कलेक्टोरेट पहुंचकर जमकर नारेबाजी की तथा ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रशिक्षितों ने चेतावनी दी कि यदि शासन द्वारा 15 सितंबर तक मांगें पूरी नहीं की जाती है तो 21 सितंबर से रायपुर में प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन व अनशन किया जाएगा।
संघ के जिलाध्यक्ष संजय ओगरे, प्रांतीय उपाध्यक्ष यामिनी साहू, जिला सचिव ओंकार हरि व ब्लॉक अध्यक्ष मनीष बहोल ने बताया कि प्रदेशभर के स्कूलों में शिक्षक के हजारों पद रिक्त हैं। जिस पर भर्ती के लिए लाखों डीएड एवं बीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थीगण लंबे समय से शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने अपने घोषणा-पत्र में प्रदेशभर में 57 हजार शिक्षकों की भर्ती करने का उल्लेख किया था। विधानसभा के प्रथम सत्र के दौरान तत्कालीन शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने वर्तमान शिक्षण.सत्र में 33 हजार शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की थी पर हैं।
इनकी मांग है कि हजारों स्कूलों को बंद करने का फैसला निरस्त हो, प्रदेश के स्कूलों में रिक्त 33 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द प्रारम्भ हो, जिसमें सभी संकाय व विषय के पद शामिल हों, शिक्षक वर्ग.02 की भर्ती विषयवार हो, युक्तियुक्तकरण के नाम पर हजारों स्कूलों को बंद किए जाने का सरकार का फैसला स्थगित नहीं, निरस्त हो, स्कूल शिक्षा विभाग के 2008 के सेटअप को यथावत रखकर नई भर्तियों की कार्रवाई यथाशीघ्र पूर्ण हो, आगामी शिक्षक भर्ती में आरक्षित वर्ग को 5 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाए, प्रदेश के स्कूलों में छत्तीसगढ़ी में पीजी डिप्लोमा धारियों के लिए पद निकल कर कर उन पदों पर भी भर्ती की जाए, समय पर भर्ती न आने के कारण बहुत सारे डीएड एवं बीएड अभ्यर्थी उम्रदराज हो रहे हैं, वे शिक्षक बनने के लिए अपात्र हो जाएंगे, उन्हें उम्र में अतिरिक्त छूट प्रदान की जाने की मांग शामिल हैं।