महासमुन्द
महासमुंद, 6 सितंबर। कल शाम शहर के महात्मा गांधी मार्ग बाजार स्थित 2 दुकानों में सेंट्रल जीएसटी टीम ने छापामार करवाई की। इनमे से एक गुटखा व्यवसाई है तो दूसरा पटाखा व्यवसाई है। कुल 4 कारों में पहुंची 15 सदस्यीय टीम व्यवसाई के दुकान और घर से दस्तावेज खंगाल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम 7 बजे एकाएक जीएसटी की टीम एमजी रोड स्थित तुषार एजेंसी और कृष्णानी एजेंसी में छापा मारा। टीम ने कारोबारी के यहां पहुंचते ही दुकानों के शटर आधा बंद कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान दुकानों के भीतर जितने सदस्य थे उन्हे बाहर जाने नहीं दिया गया। वहीं बाहर से लोगों को भीतर जाने नहीं दिया गया। टीम ने विक्रय, स्टाक और सप्लाई सहित बिल वाउचर की जांच की। जानकारी के अनुसार तुषार और कृष्णानी एजेंसी के मालिक राजेश कृष्णानी और दिलीप कृष्णानी दोनों सगे भाई हैं।
छापामारी के दौरान यहां शाम 7 बजे लोगों की भीड़ जुट गई थी। लेकिन जीएसटी टीम ने सभी को वहां से जाने कहा।